IND vs NZ 2nd Test Pitch Report: न्यूजीलैंड के लेग स्पिनर ईश सोढ़ी का मानना है कि हैगली ओवल में पिछले 10 वर्षों में टेस्ट क्रिकेट में स्पिनरों ने केवल छह विकेट लिए हैं और इसलिए उन्हें कुलदीप यादव को बाहर रखने का भारत का फैसला सही लगता है। भारत ने कुलदीप को टेस्ट श्रंखला शुरू होने से पहले ही स्वदेश भेज दिया था। स्वयं कलाई के स्पिनर सोढ़ी ने स्वीकार किया कि भावनात्मक दृष्टिकोण से यह निराशाजनक था, लेकिन क्राइस्टचर्च के आंकड़ों को देखते हुए यह फैसला सही लगता है। उन्होंने ये भी बताया कि भारत-न्यूजीलैंड दूसरे टेस्ट मैच की पिच कैसी होगी।
सोढ़ी ने पीटीआई से कहा, "मुझे कुलदीप यादव की गेंदबाजी बेहद पसंद है। उन्हें खेलते देखना अद्भुत रहा है। मैंने उनके खिलाफ अंडर-19 विश्व कप में या शायद टूर्नामेंट से पहले की किसी श्रृंखला में खेला था और हमेशा उनकी प्रगति पर नजर रखी है। वह एक असाधारण स्पिन गेंदबाज हैं।"
ये कैसा आंकड़ा, 10 सालों में 6 विकेट
इस 30 वर्षीय खिलाड़ी ने हालांकि कहा कि हैगली ओवल स्पिनरों के लिए मुश्किल मैदान रहा है जिससे कि टीम विशेषज्ञ स्पिनर को अंतिम एकादश में रखने से परहेज करती हैं। उन्होंने कहा, "अगर न्यूजीलैंड की दृष्टि से देखें तो पिछले 10 वर्षों में हैगली ओवल में टेस्ट क्रिकेट में स्पिन गेंदबाजों ने केवल छह विकेट लिए गए हैं। इसलिए मैं यह समझ सकता हूं कि चयनकर्ताओं ने उंगली के स्पिनर को चुना जो बल्लेबाजी भी कर सकता हे।"
कुलदीप के मुकाबले में दो धुरंधर
सोढ़ी ने कहा, "मेरा मानना है कि इस तरह की परिस्थितियों में कुलदीप का वाशिंगटन सुंदर और रविंद्र जडेजा जैसे खिलाड़ियों से मुकाबला हैं, जिनका टेस्ट क्रिकेट में बल्लेबाजी औसत 40 या उससे भी अधिक है। चयन के नजरिए से तो मैं इसे समझ सकता हूं, लेकिन अगर भावनात्मक नजरिए से देखें तो यह निराशाजनक है।"
सोढ़ी ने बताया दूसरे टेस्ट की पिच कैसी होगी
सोढ़ी को उम्मीद है कि न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज भारत के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में पिच से शुरू में मिलने वाली मदद का पूरा फायदा उठाएंगे। उन्होंने कहा, "यह एक ऐसा विकेट रहा है जिसमें विशेषकर टेस्ट मैच के शुरू में थोड़ी अधिक सीम और उछाल होती है। इस विकेट पर शुरू में मिल रही मदद का फायदा उठाना महत्वपूर्ण होगा क्योंकि हाल में हमने देखा है कि टेस्ट मैच के अंतिम चरण में यह काफी हद तक सपाट हो जाता है।"
सोढ़ी ने पिछले साल इसी मैदान पर वेस्टइंडीज और न्यूजीलैंड के बीच ड्रॉ हुए टेस्ट मैच का जिक्र करते हुए बताया कि खेल आगे बढ़ने के साथ यहां की पिच बल्लेबाजी के लिए अनुकूल हो जाती है। उन्होंने कहा, "पिछली बार जब हमने यहां वेस्टइंडीज के खिलाफ मैच खेला था, तो वह ड्रॉ रहा था। उन्होंने टेस्ट मैच को ड्रॉ कराने के लिए काफी लंबे समय तक बल्लेबाजी की थी। इससे पता चलता है कि मैच के अंतिम दिनों में परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण हो सकती हैं।"
