एजुकेशन

BPSC की नई अध्यक्ष हरजोत कौर बम्हरा कौन हैं? 29 नवंबर से संभालेंगी कार्यभार, जानें एजुकेशन क्वालिफिकेशन

बिहार लोक सेवा आयोग को उसका नया स्थायी अध्यक्ष मिलने वाला है। 29 नवंबर को BPSC की नई अध्यक्ष का कार्यभार IAS अधिकारी हरजोत कौर बम्हरा के हाथ में सौंप दिया जाएगा। आइए आज जानते हैं हरजोत कौर की एजुकेशन क्वालिफिकेशन कितनी है।

Image

BPSC New chairperson Harjot Kaur Bamhrah (Photo - AI/Newsroom Verified)

BPSC New chairperson Harjot Kaur Bamhrah: बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) को जल्द ही एक नई अध्यक्ष मिलने जा रही हैं। वरिष्ठ IAS अधिकारी हरजोत कौर बम्हरा 29 नवंबर 2026 से आयोग की कमान संभालेंगी। उनकी नियुक्ति ऐसे समय में हुई है, जब बिहार में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे लाखों अभ्यर्थियों की नजर आयोग की भर्ती परीक्षाओं और चयन प्रक्रिया पर टिकी हुई है। अपने लंबे प्रशासनिक अनुभव में हरजोत कौर ने राज्य और केंद्र सरकार में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। उन्होंने बीते दिनों स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) के लिए अनुरोध किया था, जिसके लिए राज्य सरकार ने स्वीकृति दे दी। 28 नवंबर को वह प्रशासनिक सेवा से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेंगी और 29 नवंबर को बीपीएससी की अध्यक्ष की जिम्मेदारी उठाएंगी। आइए आज हरजोत कौर बम्हरा की एजुकेशन क्वालिफिकेशन के बारे में जानें, जो बीपीएससी द्वारा आयोजित की जाने वाली परीक्षाओं की पारदर्शिता और व्यवस्था को लेकर उम्मीदवारों की नई उम्मीद बनी है।

कौन हैं हरजोत कौर बम्हरा?

हरजोत कौर बम्हरा बिहार कैडर की 1992 बैच की IAS अधिकारी हैं। उनका जन्म 11 मई 1967 में हुआ था और वह मूल रूप से वह महाराष्ट्र की रहने वाली हैं। यूपीएससी परीक्षा पास कर आईएएस अधिकारी बनी हरजोत कौर ने बिहार सरकार के कई विभागों में काम किया और जिला स्तर से लेकर राज्य स्तर तक महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं। BPSC अध्यक्ष बनने से पहले वह बिहार राजस्व पर्षद की अध्यक्ष-सह-सदस्य के पद पर कार्यरत थी। इससे पहले उन्हें BPSC के अध्यक्ष का एडिशनल चार्ज यानी अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया था। इसके बाद भी उन्हें अब आयोग का स्थायी अध्यक्ष नियुक्त किए जाने का फैसला लिया गया।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - "What's your dream job?" इंटरव्यू सवाल का कैसे दें जवाब?

हरजोत कौर बम्हरा की एजुकेशन क्वालिफिकेशन

उनकी अध्यक्ष बनने की बात के बाद से लोगों के मन में एक ही सवाल है कि- लाखों उम्मीदवारों के लिए प्रतियोगिता परीक्षाओं का आयोजन करने वाली बीपीएससी की नई अध्यक्ष हरजोत कौर बम्हरा की शैक्षणिक योग्यता क्या है? वह कितना पढ़ी-लिखी हैं?

एम.फिल. (M.Phil.)उन्होंने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU), नई दिल्ली से इंटरनेशनल स्टडीज में एम.फिल. किया है।
पोस्टग्रेजुएट डिप्लोमाउन्होंने नई दिल्ली स्थित संस्थान से इंटरनेशनल लॉ में पोस्टग्रेजुएट डिप्लोमा प्राप्त किया है।
मास्टर्स व अन्य शैक्षणिक योग्यताएंउनके पास इंटरनेशनल ट्रेड/बिजनेस में मास्टर की डिग्री है।

IAS बनने के बाद कैसा रहा प्रशासनिक करियर?

हरजोत कौर बम्हरा ने अपने प्रशासनिक करियर में कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया है। वह बिहार के कटिहार और बेगूसराय जिलों की जिलाधिकारी (DM) रह चुकी हैं। जिला प्रशासन में काम करने के दौरान उन्हें कानून-व्यवस्था, सरकारी योजनाओं और जनहित से जुड़े मामलों को संभालने का बेहतरीन अनुभव मिला है। इतना ही नहीं, उन्होंने महिला एवं बाल विकास निगम, बिहार में अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक के रूप में जिम्मेदारी निभाई। वह समाज कल्याण विभाग और खान एवं भूतत्व विभाग में अपर मुख्य सचिव के पद पर भी काम कर चुकी हैं। इसके अलावा, उनके करियर में पर्यटन विभाग, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग और केंद्र सरकार में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां शामिल रही हैं।

29 नवंबर को संभालेंगी BPSC अध्यक्ष का कार्यभार

आपको बता दें कि बिहार सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने 24 नवंबर 2026 को उनकी नियुक्ति से संबंधित अधिसूचना जारी की थी। इस अधिसूचना के अनुसार, हरजोत कौर बम्हरा 28 नवंबर को भारतीय प्रशासनिक सेवा से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) लेंगी। उनकी नियुक्ति संविधान के अनुच्छेद 316 के तहत राज्यपाल द्वारा की गई है। इसके अगले दिन यानी 29 नवंबर से वह BPSC अध्यक्ष का पद संभालेंगी।

कितने साल चलेगा बीपीएससी में उनका कार्यकाल

जारी की गई अधिसूचना के अनुसार, हरजोक कौर का कार्यकाल छह साल या 62 वर्ष की आयु पूरी होने तक रहेगा। इस सूचना के अनुसार, इन दोनों में से जो भी पहले होगा, उसी के आधार पर उनका कार्यकाल समाप्त होगा।

BPSC अध्यक्ष के रूप में क्या होंगी जिम्मेदारियां?

बिहार लोक सेवा आयोग राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में अधिकारियों और कर्मचारियों की भर्तियों के लिए परीक्षाओं का आयोजन करता है। आयोग की अध्यक्ष के तौर पर हरजोत कौर बम्हरा के सामने परीक्षाओं का समय पर आयोजन, चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखना, परीक्षा से जुड़े विवादों का उचित समाधान और अभ्यर्थियों को समय पर जानकारी उपलब्ध कराना की जिम्मेदारियां शामिल रहेंगी।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article