इलेक्शन

राजस्थान चुनाव: NOTA वोटों ने दिखाई ताकत, 13 विधानसभा सीटों पर तय हुई जीत और हार

  • Edited by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Dec 5, 2023, 02:53 PM IST

इस चुनाव में कुल 3,82,066 नोटा वोट डाले गए जो कुल मतदान का 0.96 प्रतिशत है। अगर 2018 के विधानसभा चुनाव की बात की जाए तो यह प्रतिशत 1.3 रहा था।

Image

राजस्थान में खूब पड़े नोटा वोट

Photo : PTI

Rajasthan Election: राजस्थान में 199 विधानसभा सीटों के लिए हुए मतदान में 13 विधानसभा क्षेत्रों मे विजयी रहे उम्मीदवारों के हारने वाले उम्मीदवारों के मतों के अंतर से अधिक नोटा में डाले गए वोट रहे। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, 13 विधानसभा क्षेत्र ऐसे हैं जहां विजेता व हारे उम्मीदवार के बीच वोटों के अंतर से ज्यादा वोट नोटा में डाले गए। इस तरह की सीटों में नसीराबाद, कठूमर, बांसवाड़ा, बायतु, चौहटन, आसींद, जहाजपुर, कोटपूतली, हवामहल, भीनमाल, जायल, खींवसर व मावली शामिल है।

1.3 प्रतिशत नोटा वोट

इस चुनाव में कुल 3,82,066 नोटा वोट डाले गए जो कुल मतदान का 0.96 प्रतिशत है। अगर 2018 के विधानसभा चुनाव की बात की जाए तो यह प्रतिशत 1.3 रहा था। जिन सीटों पर जीत के अंतर से अधिक वोट नोटा में पड़े उनमें खींवसर भी शामिल है। यह सीट नागौर के सांसद हनुमान बेनीवाल ने भाजपा के उम्मीदवार रेवंत राम को 2,059 वोटों के मामूली अंतर से हराकर जीती जबकि इस सीट पर नोटा वोट की संख्या 2,130 रही।

8 पर बीजेपी, 4 पर कांग्रेस को फायदा

ऐसा ही एक और उदाहरण जयपुर शहर की हवा महल सीट का है। यहां भाजपा के बाल मुकुंदाचार्य ने कांग्रेस के आर आर‍ तिवारी को 974 मतों से हराया। इस सीट पर पड़े नोटा वोटों की संख्या 1,463 रही। इन 13 सीटों पर मतदाताओं द्वारा नोटा के इस्तेमाल से जहां भाजपा को आठ सीटों पर फायदा होता नजर आया वहीं कांग्रेस चार और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी एक सीट पर फायदे में रही।

बीजेपी को मिला बहुमत

राज्य की कुल 200 में से 199 विधानसभा सीटों पर मतदान हुआ जिसके वोटों की गिनती रविवार को की गई। इसमें भाजपा को 115 सीटों के साथ बहुमत मिला जबकि कांग्रेस 69 सीटों पर सिमट गई। तीन सीटें भारत आदिवासी पार्टी, दो सीटें बहुजन समाज पार्टी (बसपा), एक-एक सीट राष्ट्रीय लोकदल (आरएलडी) और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) और आठ निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत हासिल की है। करणपुर सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार के निधन के कारण चुनाव स्थगित कर दिया गया था। इसी सीट पर अब पांच जनवरी को मतदान होगा जबकि वोटों की गिनती आठ जनवरी को होगी।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article