इलेक्शन

बिहार चुनाव के लिए राहुल गांधी ने कसी कमर, युवाओं से की ये खास अपील; जानें पूरा प्लान

Rahul Gandhi to Visit Bihar: राहुल गांधी सोमवार को बिहार का दौरा करेंगे और पदयात्रा में हिस्सा लेंगे। राज्य में विधानसभा चुनाव बस कुछ ही महीने दूर हैं, जहां राष्ट्रीय जनता दल (राजद), कांग्रेस और वाम दलों वाले महागठबंधन का मुकाबला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से है। चुनावी सरगर्मी के बीच राहुल का बिहार दौरा अहम माना जा रहा है।

Image

बिहार का दौरा करेंगे राहुल गांधी।

Bihar Politics: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी सोमवार को बिहार आएंगे और बेगूसराय में एक पदयात्रा में हिस्सा लेंगे तथा पटना में दो कार्यक्रमों को संबोधित करेंगे। यह जानकारी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश कुमार ने दी। कुमार ने रविवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि राहुल गांधी सुबह पटना पहुंचेंगे और 'पलायन रोको, नौकरी दो' पर राज्यव्यापी पदयात्रा के लिए बेगूसराय जाएंगे।

सोमवार को बिहार का दौरा करेंगे राहुल गांधी

रायबरेली के सांसद राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर एक मिनट का वीडियो संदेश साझा किया है, जिसमें उन्होंने बिहार के युवाओं से सफेद टी-शर्ट पहनकर मार्च में शामिल होने का आग्रह किया है। उन्होंने वीडियो में कहा, 'हमारा उद्देश्य बिहार के युवाओं की दुर्दशा की ओर दुनिया का ध्यान आकर्षित करना है, जो देख रहे हैं कि सरकारी नौकरियां दिन-प्रतिदिन कम होती जा रही हैं और निजीकरण से कोई लाभ नहीं हो रहा है। अपने अधिकारों के लिए सरकार पर दबाव बनाने और उसे (सत्ता से) हटाने के लिए आवाज उठाएं।'

कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार का गृह जिला है बेगूसराय

राज्य में विधानसभा चुनाव बस कुछ ही महीने दूर हैं, जहां राष्ट्रीय जनता दल (राजद), कांग्रेस और वाम दलों वाले महागठबंधन का मुकाबला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से है। सत्तारूढ़ राजग में जनता दल (यूनाइटेड) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शामिल हैं। बेगूसराय कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार का गृह जिला है, जिन्होंने पिछले महीने पूर्वी चंपारण जिले से पदयात्रा शुरू की है। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष कुमार ने 2019 का लोकसभा चुनाव भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के टिकट पर बेगूसराय सीट से लड़ा था।

जनवरी के बाद से राहुल गांधी का बिहार का यह तीसरा दौरा

राहुल गांधी बेगूसराय से पटना लौटेंगे और ‘संविधान सुरक्षा सम्मेलन’ को संबोधित करेंगे। प्रदेश कांग्रेस प्रमुख ने कहा, 'इसके बाद वह (राहुल) पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करने के लिए सदाकत आश्रम आएंगे।' जनवरी के बाद से राहुल गांधी का बिहार का यह तीसरा दौरा है। संवाददाता सम्मेलन में कांग्रेस विधायक दल के नेता शकील अहमद खान ने कहा कि वक्फ विधेयक को समर्थन देने के बाद जद(यू) में मची उथल-पुथल 'मनोरंजक है, लेकिन निश्चित रूप से आश्चर्यजनक नहीं है।' खान ने शनिवार को जद(यू) कार्यालय में हुए संवाददाता सम्मेलन का जिक्र किया, जहां पत्रकारों द्वारा सवाल पूछे जाने पर पार्टी के मुस्लिम नेता जाने लगे।

Ayush Sinha
आयुष सिन्हाauthor

मैं टाइम्स नाउ नवभारत (Timesnowhindi.com) से जुड़ा हुआ हूं। कलम और कागज से लगाव तो बचपन से ही था, जो धीरे-धीरे आदत और जरूरत बन गई। मुख्य धारा की पत्रकारिता से जुड़े हुए 10 साल पूरे हो चुके हैं। लोकसभा चुनाव 2014 से पहले ही मैंने पत्रकारिता की पढ़ाई के बीच में ही देश की राजधानी दिल्ली आने की ठान ली थी। उससे पहले मैंने कभी ये सोचा तक नहीं था कि मैं बनारस बोले तो वाराणसी शहर से बाहर भी जा सकता हूं। जी हां, मेरा नाता काशी से है। जन्म के साथ-साथ शिक्षा दीक्षा भी बनारस में ही हुई। राष्ट्रपिता मोहनदास करमचंद गांधी (बापू) द्वारा स्थापित किए गए विश्वविद्यालय- 'महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ' से मैंने पत्रकारिता में स्नातक किया है। ग्रेजुएशन के दौरान ही विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यापकों ने बड़ी ही सख्ती से मेरी नक्काशी करने की कोशिश की। ग्रेजुएशन के आखिरी वर्ष आते-आते मैंने दिल्ली की ट्रेन पकड़ी और यहां पहुंच गया। आव देखा न ताव, दिल्ली NCR में बड़े-बड़े मीडिया समूहों के दफ्तरों के बाहर अपना बायोडेटा डाल कर प्रयास में जुट गया। काफी धैर्य के बाद ZEE मीडिया समूह से जुड़ने का मौका मिला। मेरे पत्रकारिता के सफर की शुरुआत टेलीविजन के इनपुट डिपार्टमेंट से हुई। यहां मैं असाइनमेंट डेस्क पर था। कुछ महीनों तक खुद को इस समूह के साथ जोड़े रखने के बाद वर्ष 2015 में मैंने प्रिंट मीडिया का रुख कर लिया और ALL RIGHTS नाम की मैगज़ीन के साथ जुड़ गया। बतौर विशेष संवाददाता (Special Correspondent) मेरे कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई थी। मैं उन दिनों देशभर के अलग-अलग लोकसभा क्षेत्र के सांसदों, केंद्रीय मंत्रियों और दिल्ली सरकार के विधायकों और मंत्रियों का साक्षात्कार करता था। मैगज़ीन के संपादकीय पृष्ठ के लिए मैं लेख भी लिखता था। राजनीतिक खबरों से लगाव होने के चलते मैंने इस बीट को ही अपना हमसाया बना लिया। मैगजीन के बाद फिर टेलीविजन का रुख किया और इसी साल दोबारा ज़ी मीडिया से जुड़ गया। यहां साढ़े 3 सालों तक काम करने के बाद मैंने डिजिटल मीडिया में कदम रखने की ठान ली। रिपब्लिक भारत की लॉन्चिंग से पहले मुझे इसकी वेबसाइट से जुड़ने का मौका मिला। रिपब्लिक से जुड़ने के साथ ही मैंने दिल्ली छोड़कर मुंबई का रुख कर लिया। समंदर किनारे बसे इस शहर में मैंने डिजिटल पत्रकारिता के गुर को सीखा। इस संस्थान में मुझे रिपोर्टर के तौर पर मौका दिया था। कुछ ही महीने बाद मैं वापस दिल्ली आ गया और मैंने न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया में एसोसिएट प्रोड्यूसर और रिपोर्टर की भूमिका में काम किया। चंद महीने बाद ही ज़ी मीडिया समूह के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काम करने का अवसर मिला। ज़ी हिन्दुस्तान के लिए मैंने स्पेशल खबरों पर काम किया और इस समूह का पहला डिजिटल रिपोर्टर बन गया। इसके बाद मुझे वीडियो सेक्शन का हेड बना दिया गया। मैंने चुनावी कवरेज की, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और साथ ही साथ वीडियो सेक्शन को नए शिखर पर पहुंचाने की कोशिश की। मैं कविताएं और किस्से-कहानियां भी लिखता रहता हूं। पढ़ाई के दौरान ही मैंने दो किताबें भी लिखी, एक नॉवेल और दूसरी पोएट्री बुक। पत्रकारिता में रहते हुए मैंने कई "स्टिंग ऑपरेशन" भी किए। मेरे सफर को और भी खूबसूरत बनाने के लिए टाइम्स समूह ने मुझे मौका दिया। मैं जुलाई, 2023 में इस संस्थान से जुड़ा और मुझे मेन डेस्क पर खबरों से दो-चार होते रहने की जिम्मेदारी सौंपी गई। राजनीतिक विश्लेषण के साथ विस्तार से खबरों को परोसता हूं और अपने पाठकों को कुछ नया देने का प्रयास करता हूं।

और पढ़ें
End of Article