इलेक्शन

CWC बैठक में शामिल होने पटना पहुंचे राहुल गांधी, कन्हैया बोले- हर मोर्चे पर फेल है 'वोट चोरी' से बनी सरकार

कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने कहा, 'जब हम संविधान और लोकतंत्र बचाने की बात करते हैं तो हमारा स्पष्ट मानना है कि चुराए गए वोटों से बनाई गई सरकार पेपर लीक को बढ़ावा देगी। वह महंगाई पर रोक नहीं लगाएगी। जब चोर सरकार चलाते हैं तो हुड़दंग एवं उपद्रवी लोगों का साहस बढ़ता है।

Image

कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार। तस्वीर-PTI

Photo : PTI

Congress CWC Meeting: कांग्रेस की कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को पटना में होने जा रही है। आजादी के बाद पहली बार हो रही इस बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रेस सांसद एवं लोकसभा में प्रतिपक्ष के नेता राहुल गांधी सहित पार्टी के सभी बड़े नेता एवं मुख्यमंत्री शामिल हो रहे हैं। देश भर से कांग्रेस नेता पटना पहुंच भी चुके हैं। राहुल गांधी बुधवार सुबह पटना पहुंचे। सोनिया गांधी भी इस बैठक में हिस्सा ले रही हैं। इस बीच, कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने पटना में कहा कि 'वोट चोरी के खिलाफ लड़ना लोकतंत्र को बचाना, लोगों को रोजगार देना और विस्थापन को रोकना है।'

'वोट चोरी' से बनाई गई सरकार रोजगार नहीं देगी-कन्हैया

कन्हैया कुमार ने कहा, 'जब हम संविधान और लोकतंत्र बचाने की बात करते हैं तो हमारा स्पष्ट मानना है कि चुराए गए वोटों से बनाई गई सरकार पेपर लीक को बढ़ावा देगी। वह महंगाई पर रोक नहीं लगाएगी। जब चोर सरकार चलाते हैं तो हुड़दंग एवं उपद्रवी लोगों का साहस बढ़ता है...इसलिए वोट चोरी के खिलाफ लड़ने का मतलब...लोकतंत्र को बचाना, लोगों को रोजगार देना और विस्थापन को रोकना है।'

बैठक में कई मुद्दों पर होगी चर्चा

इससे पहले कांग्रेस की बिहार इकाई के अध्यक्ष राजेश कुमार ने मंगलवार को कहा कि राजधानी पटना में बुधवार को होने वाली कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक में ‘वोट चोरी’ और अमेरिका के डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन द्वारा लगाए गए टैरिफ सहित राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। हवाई अड्डे पर पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा, ‘आजादी के बाद सीडब्ल्यूसी बैठकों का इतिहास देखें तो ये कई जगहों पर हुई हैं। हाल के वर्षों में गुजरात में भी सीडब्ल्यूसी बैठक हुई थी। कल की बैठक विस्तारित कार्यसमिति की होगी, जिसमें राज्य इकाई प्रमुखों और अन्य वरिष्ठ नेताओं को भी आमंत्रित किया गया है।’

अमेरिकी टैरिफ जैसे विषयों पर चर्चा होगी-राजेश कुमार

राजेश कुमार ने कहा, ‘सीडब्ल्यूसी बैठकों में हम राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा कर प्रस्ताव पारित करते हैं। कल भी यही होगा। इसमें ‘वोट चोरी’ और भारत पर ट्रंप प्रशासन द्वारा लगाए गए भारी टैरिफ जैसे विषयों पर चर्चा होगी।’ इस बीच, भाजपा के वरिष्ठ नेता शाहनवाज हुसैन ने विपक्षी पार्टी पर तंज कसते हुए कहा, ‘पहले सीडब्ल्यूसी की बैठकें दिल्ली में होती थीं, जहां कांग्रेस चुनावों में शून्य पर सिमटती रही है। बिहार विधानसभा चुनाव में भी उसका यही हाल होगा।’

सीडब्ल्यूसी की बैठक सकारात्मक संदेश देगी-सुधाकर सिंह

इससे पहले केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने आरोप लगाया था कि कांग्रेस विधानसभा चुनाव से पहले ‘दबाव की राजनीति’कर रही है। जद(यू) के विधान पार्षद नीरज कुमार ने आरोप लगाया स्वतंत्रता की दूसरी लड़ाई कह कर कांग्रेस स्वतंत्रता सेनानियों का अपमान कर रही है। उन्होंने कहा कि सीडब्ल्यूसी की पटना में होने वाली बैठक में भी जननायक कर्पूरी ठाकुर का कांग्रेस अपमान करेगी। हालांकि, राजद के वरिष्ठ नेता और बक्सर से लोकसभा सदस्य सुधाकर सिंह ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा, ‘पटना में सीडब्ल्यूसी की बैठक सकारात्मक संदेश देगी, जिसका लाभ केवल कांग्रेस को ही नहीं, बल्कि पूरे ‘इंडिया’ गठबंधन को मिलेगा।’

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article