इलेक्शन

तेजस्वी के खिलाफ चुनाव नहीं लड़ेंगे प्रशांत किशोर, हो गया फाइनल! जनसुराज ने राघोपुर से चंचल सिंह को दिया टिकट

जन सुराज ने राघोपुर विधानसभा सीट से चंचल सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया है। इस घोषणा के साथ ही ये साफ हो गया है प्रशांत किशोर राघोपुर से चुनाव नहीं लड़ेगे, जहां से तेजस्वी यादव विधायक हैं।

Image

तेजस्वी यादव बनाम प्रशांत किशोर की कहानी खत्म (फोटो- jansuraajofficial & tejashwiyadav)

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में जनसुराज संस्थापक प्रशांत किशोर अब तेजस्वी यादव के खिलाफ चुनाव नहीं लड़ेंगे। प्रशांत किशोर ने तेजस्वी यादव के खिलाफ राघोपुर से विधानसभा चुनाव लड़ने का संकेत दिया था, लेकिन अब जनसुराज ने ही फाइनल कर दिया है कि प्रशांत किशोर, तेजस्वी के खिलाफ चुनाव नहीं लड़ेंगे। जनसुराज ने राघोपुर से अपने कैंडिडेट की घोषणा कर दी है। जन सुराज ने राघोपुर विधानसभा सीट से चंचल सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया है।

राघोपुर से नहीं उतरेंगे प्रशांत किशोर

जन सुराज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह ने वैशाली जिले की राघोपुर सीट से चंचल सिंह को पार्टी का चुनाव चिह्न सौंपा। इस मौके की एक तस्वीर पार्टी की ओर से सोशल मीडिया पर साझा की गई। पार्टी ने क्रमश: 51 और 65 उम्मीदवारों की दो सूची संवाददाता सम्मेलन में जारी की थी। इसके उलट राघोपुर सीट पर उम्मीदवार की घोषणा सोशल मीडिया के माध्यम से की गई।

राघोपुर है लालू परिवार का गढ़

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव इस बार राघोपुर से लगातार तीसरी बार जीत का लक्ष्य लेकर चुनाव मैदान में उतर रहे हैं। हाल के दिनों में अटकलें थी कि तेजस्वी यादव इस बार किसी दूसरी सीट, संभवतः मधुबनी जिले की फुलपरास विधानसभा सीट से भी चुनाव लड़ सकते हैं। फुलपरास सीट से 1977 में कर्पूरी ठाकुर निर्वाचित हुए थे, जिन्होंने बाद में बिहार के मुख्यमंत्री बनकर पिछड़े वर्गों के लिए आरक्षण व्यवस्था लागू की थी। कर्पूरी ठाकुर ने पिछड़े वर्ग के लिए आरक्षण की व्यवस्था मंडल आयोग की सिफारिशों से कई साल पहले की थी।

क्या बोले थे प्रशांत किशोर

प्रशांत किशोर से इस संभावना के बारे में पूछा गया था, तो उन्होंने कहा था, “अगर तेजस्वी यादव दूसरी सीट से भी लड़ते हैं, तो राघोपुर में निश्चित रूप से हारेंगे जैसे उनके सहयोगी राहुल गांधी 2019 में वायनाड से जीते थे, लेकिन अमेठी में हार गए थे।” जन सुराज पार्टी ने यह स्पष्ट किया है कि वह बिहार विधानसभा की सभी 243 सीटों पर उम्मीदवार उतारेगी। हालांकि, पार्टी ने अभी तक फुलपरास से अपने उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article