PM Narendra Modi Nomination : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को वाराणसी सीट से अपना नामांकन दाखिल कर दिया। इस सीट से वह तीसरी बार उम्मीदवार हैं। इससे पहले वह लोकसभा चुनाव 2014 और 2019 में इस सीट से विजयी हो चुके हैं। नामांकन भरने से पहले पीएम आज सुबह दशाश्वमेघ घाट गए और मां गंगा का आशीर्वाद लिया। इसके बाद काशी के कोतवाल काल भैरव का दर्शन किया। अपने नामांकन के लिए पीएम सोमवार शाम को वाराणसी पहुंचे और रोड शो किया। इस रोड शो में भारी भीड़ उमड़ी। रोड शो में उनके साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद थे।
नामांकन के दौरान पीएम मोदी के चार प्रस्तावक लालचंद कुशवाहा, संजय सोनकर, बैजनाथ पटेल और पं. गणेश्वर शास्त्री भी कलेक्ट्रेट कार्यालय में मौजूद रहे।
क्रूज पर सवार होकर नमो घाट पहुंचे
प्रधानमंत्री सुबह दशाश्वमेध घाट पर पुरोहितों के मंत्रोच्चार के बीच गंगा का पूजन किया और आरती की। यहां से प्रधानमंत्री क्रूज पर सवार होकर नमो घाट पहुंचे। नमो घाट से सड़क मार्ग होते हुए प्रधानमंत्री मैदागिन स्थित बाबा कालभैरव मंदिर पहुंचे और मंदिर में दर्शन किया। उन्होंने 'एक्स' पर लिखा, 'अपनी काशी से मेरा रिश्ता अद्भुत है, अभिन्न है और अप्रतिम है… बस यही कह सकता हूं कि इसे शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता!'
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री मोदी के वीडियो के साथ ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ''नमामि गंगे तव पाद पंकजम्''।
भाजपा-एनडीए नेताओं की मौजूदगी में हुआ नामांकन
पीएम मोदी के नामांकन कार्यक्रम में भाजपा के सभी बड़े नेता और एनडीए के तमाम दिग्गज मौजूद रहे। राजनाथ सिंह, अमित शाह, योगी आदित्यनाथ, एकनाथ शिंदे, कोनार्ड संगमा, प्रफुल्ल पटेल, रामदास अठावले, हरदीप पुरी, चंद्रबाबू नायडू, पवन कल्याण, जीतन राम मांझी, उपेंद्र कुशवाहा, संजय निषाद, अनुप्रिया पटेल, ओम प्रकाश राजभर, जयंत चौधरी, अम्बुमणि रामदास, जीके वासन, देवनाथन यादव, तुषार वेल्लापल्ली, अतुल बोरा, प्रमोद बोरो, पशुपति पारस और भूपेंद्र चौधरी मौजूद थे।
यह भी पढ़ें- दिल्ली के कई अस्पतालों को मिले धमकी वाले ई-मेल
वाराणसी सीट पर 1 जून को होगा मतदान
नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद प्रधानमंत्री रुद्राक्ष कन्वेन्शन सेंटर में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे।
इससे पहले मोदी ने सोमवार को काशी विश्वनाथ मंदिर में विधि विधान से दर्शन पूजन किया। वह शाम को करीब छह किलोमीटर का रोड शो पूरा करने के बाद श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे। वाराणसी में लोकसभा चुनाव के सातवें चरण के तहत एक जून को मतदान होगा।
