इलेक्शन

‘झालमुड़ी मैंने खाया और झाल तृणमूल को लगी…’ कृष्णानगर में ममता बनर्जी पर बरसे पीएम मोदी, महिलाओं के लिए की 10 बड़ी घोषणाएं

PM Modi Krishnanagar Rally: पश्चिम बंगाल में पहले चरण की वोटिंग के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कृष्णानगर में विशाल जनसभा को संबोधित किया। पीएम मोदी ने दावा किया कि इस बार भी बंगाल में भाजपा की जीत तय है। उन्होंने क्या कुछ कहा यहां पढ़ें।

Image

बंगाल में चुनावी संग्राम तेज, पीएम मोदी ने टीएमसी पर साधा निशाना (Photo: X/Narendra Modi)

PM Modi Krishnanagar Rally: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के दौरान 152 सीटों पर सुबह से ही मतदान जारी है। बड़ी संख्या में मतदाता अपने-अपने बूथों पर पहुंचकर वोट डाल रहे हैं। इस बीच दूसरे चरण के चुनाव के लिए प्रचार अभियान भी तेज हो गया है और राजनीतिक माहौल काफी गर्म हो चुका है। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कृष्णानगर (West Bengal election 2026) में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस रैली में उन्होंने लोगों से भाजपा के लिए भारी समर्थन की अपील की और केंद्र की नीतियों व पार्टी के विकास कार्यों को जनता के सामने रखा।

4 मई को भाजपा की जीत का मनाया जाएगा जश्न-पीएम मोदी

पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि जहां-जहां देश में भारी मतदान हुआ है, वहां भारतीय जनता पार्टी को बड़ी जीत मिली है। उन्होंने दावा किया कि इस बार भी भाजपा मजबूत प्रदर्शन करेगी और पश्चिम बंगाल में परिवर्तन देखने को मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि 4 मई को भाजपा की जीत का जश्न मनाया जाएगा। प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में हल्के अंदाज में कहा कि जश्न में मिठाई और झालमुरी भी बांटी जाएगी। पीएम ने ममता बनर्जी और टीमसी पर चुटकी लेते हुए झालमुरी ने भी कुछ लोगों को झटका दिया है, खाया मैंने और झाल तृणमूल को लगी है। बंगाल की जनता तृणमूल के खिलाफ शंख फूंक रही है, इस बार जनता यहां चुनाव लड़ रही है , ये मुझे देखने को मिल रहा है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि बदलाव की हवा चल रही है और लोग पुराने शासन से छुटकारा चाहते हैं।


कई जिलों में TMC का खाता तक नहीं खुलेगा-प्रधानमंत्री

उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता अब बदलाव के लिए वोट कर रही है और कई जगहों पर जनता खुद चुनाव का माहौल बना रही है। पीएम मोदी ने यह भी दावा किया कि लोग अब 'भय खत्म करो और विकास लाओ' के नारे के साथ वोट कर रहे हैं। अपने भाषण में उन्होंने राज्य की वर्तमान सरकार पर भी निशाना साधा और आरोप लगाया कि लोग लंबे समय से असंतोष और नाराजगी महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता अब जवाबदेही और विकास चाहती है। पीएम ने कहा- यहां तो टीएमसी के विधायकों, मंत्रियों, लोकल नेताओं और इनके सिंडिकेट के खिलाफ इतना गुस्सा है कि कई जिलों में TMC का खाता तक नहीं खुलेगा।

पीएम मोदी ने बंगाल की महिलाओं के लिए 10 गारंटी की घोषणा की:

  • बंगाल में महिलाओं और बेटियों पर अत्याचार करने वालों को सख्त सजा दी जाएगी।
  • हर ब्लॉक में महिला थाना होगा।
  • पुलिस बल में बड़े पैमाने पर महिलाओं की भर्ती की जाएगी।
  • एक साल के भीतर महिलाओं के खातों में ₹36,000 ट्रांसफर किए जाएंगे।
  • बंगाल में भाजपा सरकार बनने पर बेटियों के ग्रेजुएशन के लिए ₹50,000 की सहायता दी जाएगी।
  • गर्भवती माताओं को ₹21,000 की आर्थिक मदद मिलेगी।
  • बच्चों के बेहतर पोषण के लिए अतिरिक्त ₹36,000 दिए जाएंगे।
  • सुकन्या समृद्धि योजना के तहत बेटियों का भविष्य सुरक्षित किया जाएगा।
  • स्वरोजगार के लिए मुद्रा योजना के तहत ₹20 लाख तक का लोन दिया जाएगा।
  • लाखों महिलाओं को “लखपति दीदी” बनने में सहायता दी जाएगी।
  • आयुष्मान योजना के तहत ₹5 लाख तक का मुफ्त इलाज मिलेगा।
  • पीएम आवास योजना के तहत बंगाल के गरीब परिवारों के घर महिलाओं के नाम पर रजिस्टर्ड होंगे।

सीएए की तरह मिलेगी नागरिकता-पीएम

पीएम ने कहा कि मोदी की गारंटी मतलब गारंटी पूरा होने की गारंटी है। पीएम मोदी ने अपने भाषण में आगे कहा कि तृणमूल की घुसपैठ करने वाले दुकान को बंद करना जरूरी है। जब सभी मिलकर काम करेंगे तब सीमा सुरक्षित रहती है। 4 मई के बाद यहां सुरक्षा की नई गारंटी शुरू होने वाली है। उन्होंने आगे कहा- मतुआ परिवार, शरणार्थी परिवार को तृणमूल से भयभीत होने की जरूरत नहीं है। आपको कोई हाथ भी नहीं लगा सकता है। बंगाल में भाजपा की सरकार बनते ही सीएए की तरह नागरिकता देने का काम और तेज होगा। हर योजना का लाभ आपको मिलेगा जो हर नागरिक को मिलता है, ये मोदी की गारंटी है। तृणमूल के महाजंगल राज का बहुत बड़ा नुकसान बहन-बेटी को उठाना पड़ा है। तृणमूल नहीं चाहती की बंगाल की बहनों को ज्यादा सीट मिले , इन्होंने संसद में कानून को रोक दिया , हर महिला यहां इस अपराध की सजा जरूर देगी।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article