इलेक्शन

Bihar Election: 'गरीबों की जमीन हथियाने वाले कभी नौकरी नहीं देंगे', PM मोदी ने बेगूसराय में महागठबंधन पर जमकर साधा निशाना

Bihar Election 2025: पीएम मोदी ने बेगूसराय में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि हमने जंगलराज को सुशासन में बदला है। अब सुशासन को समृद्धि में बदलने का समय है। मैं बिहार की समृद्धि के लिए आप सभी का आशीर्वाद लेने आया हूं। मैं बिहार के नौजवानों से विशेष आग्रह करने आया हूं।

Image

पीएम मोदी ने बेगूसराय की जनता को संबोधित किया।(फोटो सोर्स: BJP X handle)

Photo : Twitter

Bihar Election 2025: विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद पीएम नरेन्द्र मोदी पहली बार बिहार पहुंचे। पीएम मोदी ने बेगूसराय में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। पीएम मोदी ने कहा कि मेरा सौभाग्य है कि छठ महापर्व की इस शुभ बेला में मुझे आप सभी परिवारजनों के दर्शन का अवसर मिला है। मेरी कामना है कि छठी मईया का आशीर्वाद बिहार पर, हम सभी पर इसी तरह बना रहे।

प्रधानमंत्री ने कहा कि बेगूसराय की ये धरती एक नए उत्साह से भरी हुई है। यहां नौजवानों का जोश है, बहनों-बेटियों का भरपूर आशीर्वाद है। ये सिर्फ जनसभा नहीं है, ये बिहार के सपनों का, नए संकल्पों का मेला है और इस जनसभा का पूरे बिहार को संदेश है - फिर एक बार NDA सरकार, फिर एक बार सुशासन की सरकार।

उन्होंने आगे कहा कि आपने हमेशा मोदी पर भरोसा किया है, नीतीश जी पर आशीर्वाद बरसाया है। NDA के लिए आपका यही प्यार, आपका अटल विश्वास, अब बिहार को विकास के नए दौर की तरफ ले जा रहा है।

पीएम मोदी ने बिहार के नौजवानों से की खास अपील

उन्होंने आगे कहा कि हमने जंगलराज को सुशासन में बदला है। अब सुशासन को समृद्धि में बदलने का समय है। मैं बिहार की समृद्धि के लिए आप सभी का आशीर्वाद लेने आया हूं। मैं बिहार के नौजवानों से विशेष आग्रह करने आया हूं। वो 2005 का अक्टूबर महीना ही था, जब आपके माता-पिता ने बिहार को जंगलराज से मुक्त किया था और सुशासन को चुना था। अब 2025 का ये अक्टूबर-नवंबर आपके लिए नए अवसर और एक बड़ी जिम्मेदारी लेकर आया है। आपको अपने और बिहार की आने वाली पीढ़ियों के लिए समृद्ध बिहार बनाना है।

तेजस्वी के वादे पर क्या बोले पीएम मोदी?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रैली में कहा, 'आपको याद रखना चाहिए कि निवेशक राजद और कांग्रेस का नाम सुनते ही भाग जाते हैं. जो लोग नौकरी का वादा करके गरीबों से उनकी जमीन हथिया लेते हैं, वे कभी युवाओं को नौकरी नहीं देंगे।' बता दें कि तेजस्वी ने ऐलान किया है कि अगर राज्य में महागठबंधन की सरकार बनी तो हर परिवार में एक सरकारी नौकरी दी जाएगी।

pm modi news 1

बेगूसराय में राजद-कांग्रेस पर जमकर बरसे पीएम मोदी।(फोटो सोर्स: BJP X handle)

सीट शेयरिंग पर क्या बोले पीएम मोदी?

    पीएम मोदी ने सीट शेयरिंग को लेकर विपक्षी दलों पर तंज कसते हुए कहा कि जबसे बिहार चुनाव की घोषणा हुई है, तबसे हम एक चीज साफ-साफ देख रहे हैं। एक तरफ NDA है, नीतीश जी, मांझी जी, उपेंद्र जी, चिराग पासवान जी का सूझबूझ से भरा हुआ नेतृत्व है। इसको भाजपा की हमारी टीम दिलीप जी, सम्राट चौधरी जी, विजय सिन्हा जी से और मजबूती मिलती है। वहीं दूसरी तरह लाठियां भांज रहा महालठबंधन है। ये लोग कैमरे पर आकर कुछ भी बोलें, लेकिन पीठ पीछे एक दूसरे की खाल खींच रहे हैं। इस महालठबंधन में अटक दल है, लटक दल है, घटक दल है, झटक दल है और पटक दल है।

    प्रधानमंत्री ने कहा कि RJD बीते 2 दशक में कोई चुनाव नहीं जीती, लेकिन अपने अहंकार में अटकी हुई है। इसी अहंकार में इन्होंने JMM को झटक दिया। कांग्रेस 35 साल से बिहार में RJD की पिछलग्गू बनी हुई है, इस बार RJD ने उसको फिर पटक दिया। इन लोगों ने VIP को भी भटका दिया और लेफ्ट के जो दल हैं, उनको लटका दिया।

    लालू परिवार को लेकर क्या बोले पीएम मोदी?

    प्रधानमंत्री मोदी ने बेगूसराय की जनता को संबोधित करते हुए आगे कहा कि जब स्वार्थ हावी होता है, लूट-खसोट ही लक्ष्य होता है, तो वही होता है, जो RJD और कांग्रेस वाले कर रहे हैं। ये लोग पहले टिकट बेचते हैं, फिर घोटाले करते हैं। एक RJD का परिवार है, जो बिहार का सबसे भ्रष्ट परिवार है और उसके ज्यादातर लोग अदालत से जमानत पर बाहर खड़े हैं, जमानत पर जीने के लिए मजबूर हैं। दूसरी तरफ कांग्रेस का एक परिवार है, जो देश का सबसे भ्रष्ट परिवार है। इस परिवार के भी ज्यादातर लोग जमानत पर बाहर हैं। बिहार ऐसे लोगों पर भरोसा नहीं करता।

    बता दें कि इससे पहले पीएम मोदी ने समस्तीपुर में जनसभा को संबोधित किया। चुनावी रैली को संबोधित करने से पहले पीएम मोदी भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर के गांव कर्पूरी ग्राम पहुंचे और उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर उन्होंने कर्पूरी ठाकुर के परिवार के सदस्यों से मुलाकात और उनसे बातचीत की। इस दौरान बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी उनके साथ मौजूद रहे।

    Piyush Kumar
    पीयूष कुमारauthor

    पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

    और पढ़ें
    End of Article