इलेक्शन

'बचे काम हुए पूरे जल्द आएगी कांग्रेस उम्मीदवारों की पहली सूची', दिल्ली से पटना रवाना हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश

राजेश दिल्ली से पटना के लिए रवाना होते समय मीडिया से बातचीत में यह बात कही। बता दें कि बिहार चुनाव के लिए एनडीए के घटक दलों भाजपा और जद-यू ने उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी कर दी है। इंडिया ब्लॉक यानी महागठबंधन में शामिल दलों की उम्मीदवारों की अभी एक भी सूची नहीं आई है।

Image

बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम। तस्वीर-PTI

Photo : PTI

Bihar Assembly Election 2025 : बिहार में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने बुधवार को कहा कि 'चुनाव से जुड़ी कुछ चीजें लंबित थीं जिसे हमने पूरा कर लिया है। आज हम पटना जा रहे हैं और इसके बाद सभी चीजों को अंतिम रूप दे दिया जाएगा। उम्मीदवारों की सूची भी जल्द जारी होगी।' राजेश दिल्ली से पटना के लिए रवाना होते समय मीडिया से बातचीत में यह बात कही। बता दें कि बिहार चुनाव के लिए एनडीए के घटक दलों भाजपा और जद-यू ने उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी कर दी है। इंडिया ब्लॉक यानी महागठबंधन में शामिल दलों की उम्मीदवारों की अभी एक भी सूची नहीं आई है।

इससे पहले महागठबंधन पर महाराष्ट्र कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता अतुल लोंढे पाटिल ने कहा कि 'चर्चाएं सुचारू रूप से चल रही हैं और जल्द ही सब कुछ तय हो जाएगा। यहां सब कुछ ठीक है, और 14 नवंबर को आप देखेंगे कि बिहार में महागठबंधन सरकार बनाएगा।' इस सवाल पर कि क्या मुकेश सहनी महागठबंधन में हैं या नहीं? बिहार कांग्रेस के सीएलपी नेता शकील अहमद खान ने कहा, 'हम सब कुछ पटना में बताएंगे। अब समय नहीं बचा है; जो भी होना है, आज ही होगा।'

संभावित उम्मीदवारों के नामों पर हुई चर्चा

कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने मंगलवार को पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में बिहार विधानसभा चुनाव के लिए संभावित उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा की। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल और पार्टी कोषाध्यक्ष अजय माकन बैठक में उपस्थित थे। राहुल गांधी केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की बैठक में डिजिटल रूप से शामिल हुए। सूत्रों ने बताया कि पार्टी ने उन विधानसभा सीट के लिए 50 से अधिक उम्मीदवारों के नाम पर चर्चा की, जिन पर पार्टी चुनाव लड़ सकती है।

70 सीट पर चुनाव लड़ा था और 19 सीट जीती थीं

कांग्रेस को 2020 के विधानसभा चुनाव में अपने निराशाजनक प्रदर्शन के कारण पिछली बार की तुलना में कम सीट मिलने की संभावना है। पिछले चुनाव में कांग्रेस ने 70 सीट पर चुनाव लड़ा था और 19 सीट जीती थीं। कांग्रेस ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल पर बैठक की तस्वीरें साझा करते हुए कहा, ‘आज कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव (संगठन) के सी वेणुगोपाल की उपस्थिति में बिहार विधानसभा चुनाव से संबंधित केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई।’ इसने कहा, ‘इस बैठक में कांग्रेस की बिहार इकाई के वरिष्ठ नेता मौजूद थे।’

सीईसी की यह दूसरी बैठक

यह सीईसी की दूसरी बैठक है, जिसमें कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों के नाम पर चर्चा की। सूत्रों ने बताया कि यह बैठक बिहार में विपक्षी महागठबंधन के बुधवार को होने वाली सीट बंटवारे की संभावित घोषणा से पहले हुई। बैठक में उपस्थित लोगों में सीईसी सदस्य अंबिका सोनी, अधीर रंजन चौधरी, सलमान खुर्शीद, टीएस सिंहदेव, के जे जॉर्ज, अमी याग्निक और पीएल पूनिया शामिल थे। सीईसी की बैठक के दौरान बिहार के लिए एआईसीसी प्रभारी कृष्णा अल्लावरु, कांग्रेस की बिहार इकाई के प्रमुख राजेश राम और शकील अहमद खान भी उपस्थित थे।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article