Bihar Election 2025: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) नेता तेजस्वी यादव ने शनिवार को दावा किया कि हाल ही में राजग से अलग होने की घोषणा करने वाले पूर्व केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले महागठबंधन में शामिल हो सकते हैं। यादव ने यह बयान राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के प्रमुख पारस के आवास पर दिया, जहां वह उनके बड़े भाई रामविलास पासवान की जयंती के अवसर पर गए थे।
तेजस्वी ने क्या कुछ कहा?
राजद नेता ने कहा कि पशुपति कुमार पारस महागठबंधन में शामिल होने के इच्छुक हैं। हम भी उन्हें और सभी धर्मनिरपेक्ष ताकतों को अपने साथ जोड़ना चाहते हैं। मैंने गठबंधन के अन्य सहयोगियों के साथ भी अपनी भावना साझा की है। इस संबंध में घोषणा उचित समय पर की जाएगी। उन्होंने कहा, ‘‘पशुपति कुमार पारस एक दिग्गज संगठन निर्माता रहे हैं, जिन्हें मैं उन दिनों से जानता हूं जब (रामविलास) पासवान जीवित थे। हमारे परिवारों के बीच घनिष्ठ संबंध रहे हैं। हम सभी जानते हैं कि पारस को हाल के दिनों में क्या-क्या सहना पड़ा।’’
राजद में चल रहा सर्वेक्षण
इससे पहले, राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद का एक बड़ा बयान सामने आया जिसमें उन्होंने कहा कि बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए उपयुक्त उम्मीदवारों की पहचान के वास्ते सर्वेक्षण किया जा रहा है और नामों को अंतिम रूप देने के लिए वह अपने बेटे तेजस्वी यादव के साथ चर्चा करेंगे।
लालू ने पार्टी की राष्ट्रीय परिषद को संबोधित करते हुए कहा कि आप लोगों के बीच से उम्मीदवारों के चयन के लिए सर्वेक्षण चल रहा है। मैं तेजस्वी के साथ विचार-विमर्श के बाद अंतिम निर्णय लूंगा। उन्होंने कहा कि मैंने तेजस्वी को जिम्मेदारी सौंप दी है । तेजस्वी की जीत सुनिश्चित करने के लिये आप सभी से आग्रह करता हूं कि आप अपना पूरा प्रयास करें। लालू ने कहा, ‘‘मुझे उनसे नियमित रूप से प्रतिक्रिया मिलती रहती है। वह हमेशा यात्रा पर रहते हैं, राज्य के दूर-दराज के इलाकों में जाते रहते हैं। कई बार मुझे उनकी यात्रा के बारे में लौटने पर ही पता चलता है।’’
