Rahul Gandhi Delhi Rally: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी ने शनिवार को दिल्ली के चांदनी चौक में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि उनका लक्ष्य इस चुनाव में संविधान को बचाना है। वो संविदान बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं। कांग्रेस नेता ने इस दौरान आप और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील की कि वो चुनाव में गठबंधन के अनुसार वोटिंग करें।
क्या बोले राहुल गांधी
दिल्ली में कांग्रेस की एक रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि हमारा लक्ष्य इस संविधान की रक्षा करना है, क्योंकि यही आपका भविष्य है। अगर संविधान खत्म हो गया तो देश के गरीबों, मजदूरों, दलितों से उनका अधिकार छिन जाएगा। राहुल गांधी ने दावा किया कि भाजपा के कई नेताओं ने खुलकर कहा है कि उन्हें मौका मिलेगा तो संविधान को फाड़ कर फेंक देंगे।
राहुल गांधी की अपील
राहुल गांधी ने उम्मीद जताई कि दिल्ली की सभी सात लोकसभा सीट पर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार जीत हासिल करेंगे। उन्होंने कहा- "कांग्रेस कार्यकर्ताओं को तीन सीट पर अपनी पार्टी को वोट देना है और चार सीट पर आम आदमी पार्टी का समर्थन करना है। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं को तीन सीट पर कांग्रेस का (चुनाव चिह्न वाला) बटन दबाना है और चार पर अपनी पार्टी का बटन दबाना है।"
राहुल गांधी ने पीएम मोदी को घेरा
राहुल गांधी ने कहा कि जब चुनावी बॉण्ड के बारे में नरेन्द्र मोदी से सवाल किया जाएगा तो वह फंस जाएंगे, तीन काले कानून के बारे में भी सवाल किए जाएंगे। राहुल गांधी ने कहा कि बहस में मोदी से यह सवाल भी किया जाएगा कि जब कोरोना में लोगों की मौत हो रही थी तो आपने ताली-थाली बजाने के लिए क्यों कहा? उनके मुताबिक, बहस में प्रधानमंत्री मोदी से चीन के अतिक्रमण और सेना में भर्ती की 'अग्निपथ' योजना के बारे में भी सवाल किए जाएंगे।
