इलेक्शन

एक दिन जब BJP सरकार बदलेगी, तब कार्रवाई होगी- CBI और ED पर बरसे राहुल गांधी, दी चेतावनी

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Mar 15, 2024, 08:37 PM IST

मुंबई के पास भिवंडी में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने शुक्रवार को कहा कि चुनावी बांड दुनिया का सबसे बड़ा जबरन वसूली रैकेट और भ्रष्टाचार घोटाला है।

Image

राहुल गांधी ने सीबीआई - ईडी को दी चेतावनी

भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर निकले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने देश की जांच एजेंसियों पर बड़ा हमला बोला है। राहुल गांधी ने जांच एजेंसियों के साथ- साथ चुनाव आयोग पर भी निशाना साधा है। राहुल गांधी ने इन तीनों को चेतावनी देते हुए कहा कि एक दिन जब बीजेपी की सरकार बदलेगी, तब कार्रवाई होगी और ऐसी कार्रवाई होगी कि दोबारा ऐसी गलती करने की हिम्मत नहीं हो पाएगी।

राहुल गांधी की चेतावनी

राहुल गांधी ने सीबीआई और ईडी जैसी एजेंसियों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि ये एजेंसियां जांच में नहीं बल्कि जबरन वसूली में शामिल हैं। राहुल गांधी ने कहा- "देश की संस्था चाहे वह ईडी हो, भारत का चुनाव आयोग हो या फिर सीबीआई हो, अब ये देश की संस्था नहीं बल्कि बीजेपी और आरएसएस के हथियार हैं। अगर इन संस्थाओं ने अपना काम किया होता तो ये ऐसा नहीं होता। उन्हें इस बारे में सोचना चाहिए कि एक दिन जब बीजेपी सरकार बदलेगी, तब कार्रवाई होगी और कार्रवाई ऐसी होगी कि दोबारा ऐसी चीजें नहीं दोहराई जाएंगी, मैं गारंटी देता हूं...।"

चुनावी बांड पर को लेकर मोदी सरकार पर हमला

मुंबई के पास भिवंडी में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने शुक्रवार को कहा कि चुनावी बांड दुनिया का सबसे बड़ा जबरन वसूली रैकेट और भ्रष्टाचार घोटाला है और इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा चलाया जा रहा है। राहुल गांधी ने दावा किया कि भाजपा द्वारा एकत्र किए गए धन का इस्तेमाल देश भर में राज्य सरकारों को गिराने के लिए किया गया। राहुल गांधी ने कहा- शिवसेना और राकांपा को उस पैसे का उपयोग करके तोड़ा गया था। पूरा महाराष्ट्र जानता है कि इन पार्टियों को तोड़ने के लिए पैसा दिया गया था। यह (चुनावी बांड) वह जगह है जहां से पैसा आया है।"

पार्टी छोड़ने वाले नेताओं पर क्या बोले राहुल गांधी

हाल ही में पार्टी छोड़ने वाले कांग्रेस नेताओं पर टिप्पणी करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि मिलिंद देवड़ा और अशोक चव्हाण का पार्टी छोड़ना कोई बड़ा मुद्दा नहीं है और कांग्रेस एकजुट है। बता दें कि राहुल गांधी इन दिनों भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर हैं, जिसका समापन महाराष्ट्र में होना है।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article