इलेक्शन

BJP का कोई भी विधायक अकबरुद्दीन ओवैसी के सामने शपथ नहीं लेगा- टी राजा सिंह का ऐलान, जानें पूरा विवाद

  • Edited by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Dec 8, 2023, 09:57 PM IST

तेलंगाना की राज्यपाल तमिलिसाई सौंदर्यराजन ने शुक्रवार को ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) विधायक अकबरुद्दीन ओवैसी को नवनिर्वाचित विधानसभा का प्रोटेम स्पीकर नियुक्त किया।

Image

बीजेपी विधायक टी राजा सिंह

Photo : Twitter

तेलंगाना में कांग्रेस पहली बार सत्ता में आई है। रेवंत रेड्डी सीएम बने हैं, लेकिन अब तेलंगाना में प्रोटेम स्पीकर को लेकर विवाद हो गया है। दरअसल प्रोटेम स्पीकर के रूप में एआईएमआईएम के विधायक अकबरुद्दीन ओवैसी की नियुक्ति हुई है, जिसे लेकर बीजेपी भड़क गई है। बीजेपी विधायक टी राजा सिंह ने ऐलान कर कर दिया है कोई भी भाजपा विधायक ओवैसी के सामने शपथ नहीं लेगा।

अकबरुद्दीन ओवैसी की नियुक्ति क्यों

तेलंगाना की राज्यपाल तमिलिसाई सौंदर्यराजन ने शुक्रवार को ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) विधायक अकबरुद्दीन ओवैसी को नवनिर्वाचित विधानसभा का प्रोटेम स्पीकर नियुक्त किया। वह शनिवार सुबह 11 बजे विधानसभा सत्र शुरू होने से पहले राजभवन में प्रोटेम स्पीकर के रूप में शपथ लेंगे और नवनिर्वाचित विधायकों को शपथ दिलाएंगे। राज्यपाल द्वारा जारी एक अधिसूचना के अनुसार, संविधान के अनुच्छेद 178 के तहत अध्यक्ष चुने जाने तक ओवैसी अध्यक्ष के कर्तव्यों का पालन करेंगे। विधानसभा के सबसे वरिष्ठ सदस्य होने के नाते एआईएमआईएम विधायक को प्रोटेम स्पीकर नियुक्त किया गया है।

बीजेपी का आरोप

इस बीच बीजेपी विधायक टी. राजा सिंह ने कहा कि वह कभी भी ओवैसी के सामने शपथ नहीं लेंगे। उन्होंने कहा कि 2018 की तरह वह पहले दिन शपथ नहीं लेंगे और पूर्णकालिक अध्यक्ष की नियुक्ति का इंतजार करेंगे। राजा सिंह ने यह भी दावा किया कि बीजेपी का कोई भी विधायक ओवैसी से शपथ नहीं लेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि ओवैसी को प्रोटेम स्पीकर नियुक्त करके कांग्रेस सरकार अल्पसंख्यकों को खुश करने के लिए बीआरएस के नक्शेकदम पर चल रही है। 119 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के आठ सदस्य हैं।

कौन बनेंगे अध्यक्ष

हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनावों में, अकबरुद्दीन ओवैसी लगातार छठी बार हैदराबाद के चंद्रयानगुट्टा निर्वाचन क्षेत्र से चुने गए। 2018 में मुमताज अहमद खान के बाद यह दूसरी बार है, जब एआईएमआईएम के किसी विधायक को प्रोटेम स्पीकर नियुक्त किया गया है। 30 नवंबर के चुनाव में कांग्रेस ने 64 सीटें जीतकर बीआरएस से सत्ता छीन ली। गद्दाम प्रसाद कुमार के अध्यक्ष बनने की घोषणा पहले हो चुकी है।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article