Bihar Elections 2025: बिहार में विधानसभा चुनाव को लेकर चुनावी सरगर्मियां अपने चरम पर हैं। राजनीतिक दलों के नेता लगातार सभाएं और रैलियां कर रहे हैं और एक-दूसरे के खिलाफ जमकर बयानबाजी हो रही है। इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी (SP) प्रमुख अखिलेश यादव ने गुरुवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तंज कसते हुए उन्हें चुनावी चेहरा करार दिया।
सपा प्रमुख ने क्या कुछ कहा?
अखिलेश यादव ने कहा कि नीतीश कुमार को महज चुनावी चेहरा बनाया हुआ है, उसके बाद वह चेहरा नहीं होंगे और किसी नए को लाया जाएगा। समाचार एजेंसी एएनआई के साथ बातचीत में अखिलेश यादव ने कहा, ''नीतीश कुमार को महज चुनावी मुख्यमंत्री/चेहरा बनाया हुआ है। चुनाव के बाद वह चेहरा नहीं होंगे, किसी नए को बैठाया जाएगा। मैं कह रहा हूं तेजस्वी मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। हम सभी लोग उनके समर्थन में हैं। सरकार चलाने में उनकी मदद के लिए हम हर संभव मदद करने को तैयार हैं।"
'चाचा' नीतीश पर बरसे तेजस्वी
महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने बुधवार को नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा था कि उन्हें चाचा नीतीश पर तरस आता है, क्योंकि भाजपा उन्हें डमी की तरह इस्तेमाल कर रही है। तेजस्वी यादव पत्रकारों के उन सवालों का जवाब दे रहे थे, जो मुख्यमंत्री के हाल के एक बयान से जुड़े थे, जिसमें उन्होंने गलती से कहा था कि बिहार में 47 जिले हैं, जबकि वास्तविक संख्या 38 है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार की मानसिक स्थिति पर भी सवाल उठाया।
उन्होंने कहा था कि हां, मैंने वह कल देखा। मुझे नीतीश जी पर दया आती है। भाजपा ने उन्हें एक ‘डमी’ बना दिया है। वे उनका इस्तेमाल एक ‘डमी’ की तरह कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया था कि भाजपा नेतृत्व केवल सत्ता की राजनीति के लिए नीतीश कुमार का इस्तेमाल कर रहा है और जनता सब कुछ देख रही है।
