इलेक्शन

पीएम मोदी के 'कट्टा' वाले बयान पर भड़के तेजस्वी, कहा- किसी प्रधानमंत्री को ऐसे शब्दों का इस्तेमाल करते नहीं सुना

पटना में पत्रकारों से बात करते हुए तेजस्वी ने कहा, प्रधानमंत्री की टिप्पणी पर मुझे कुछ नहीं कहना। मैंने देश में किसी प्रधानमंत्री को ऐसे शब्द इस्तेमाल करते नहीं सुना। यह उनकी सोच को दर्शाता है।

Image

तेजस्वी यादव का पीएम मोदी पर निशाना (PTI)

Tejashwi On Modi's Katta Remark: आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने सोमवार को बिहार में एक चुनावी रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 'कट्टा' वाली टिप्पणी पर निशाना साधा। तेजस्वी ने कहा कि उन्होंने किसी प्रधानमंत्री को ऐसे शब्द इस्तेमाल करते नहीं सुना। पीएम मोदी ने रविवार को दावा किया था कि कांग्रेस, तेजस्वी यादव को इंडिया ब्लॉक के मुख्यमंत्री पद के लिए स्वीकार करने को तैयार नहीं थी और आरजेडी द्वारा उनके सिर पर "कट्टा" यानी देसी बंदूक तानने के बाद ही कांग्रेस नरम पड़ी।

कहा- मैंने किसी प्रधानमंत्री को ऐसे शब्द इस्तेमाल करते नहीं सुना

पटना में पत्रकारों से बात करते हुए तेजस्वी ने कहा, प्रधानमंत्री की टिप्पणी पर मुझे कुछ नहीं कहना। मैंने देश में किसी प्रधानमंत्री को ऐसे शब्द इस्तेमाल करते नहीं सुना। यह उनकी सोच को दर्शाता है। तेजस्वी ने आरोप लगाया, प्रधानमंत्री जब भी गुजरात जाते हैं, आईटी कारखानों, सेमीकंडक्टर इकाइयों और डेटा सेंटरों की बात करते हैं... लेकिन जब बिहार आते हैं, तो 'कट्टा' की बात करते हैं।

क्या कहा था पीएम मोदी ने?

प्रधानमंत्री ने रविवार को बिहार में चुनाव प्रचार के दौरान इस उपमा का प्रयोग किया था, जहां उन्होंने भोजपुर और नवादा जिलों में एक के बाद एक रैलियों को संबोधित किया और आरजेडी की रणनीति और गठबंधन सहयोगियों के साथ उसके खराब समीकरणों को उजागर किया था।

उन्होंने आरोप लगाया था, कांग्रेस कभी भी आरजेडी के पक्ष में मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार की घोषणा नहीं करना चाहती थी। आरजेडी ने कांग्रेस के सिर पर कट्टा रखकर इसे सुरक्षित कर लिया। उन्होंने जंगलराज की पाठशाला में सबक सीखा है। ऐसे तत्व बिहार का कभी भला नहीं कर सकते।

6 नवंबर और 11 नवंबर को मतदान

बता दें कि बिहार विधानसभा चुनाव दो चरणों में 6 नवंबर और 11 नवंबर को होंगे, जबकि मतगणना 14 नवंबर को होगी। फिलहाल बिहार में चुनाव प्रचार जोरों पर है और पीएम मोदी, कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेज दिग्गज नेता बिहार में लगातार रैलियां कर रहे हैं। मुकाबला एनडीए और इंडिया ब्लॉक के बीच है। महागठबंधन ने तेजस्वी यादव को सीएम उम्मीदवार बनाया है वहीं, एनडीए की ओर से नीतीश कुमार सीएम पद के दावेदार हैं।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article