इलेक्शन

असम चुनावी संग्राम: '150 साल से रह रहे हैं मुसलमान, कोई मिटा नहीं सकता'; ओवैसी का CM सरमा पर प्रहार

Assam Assembly Elections 2026: असम विधानसभा चुनावों को लेकर राज्य में सियासत तेज है। वहीं, आज एक चुनावी रैली के दौरान AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा पर तीखा प्रहार किया। ओवैसी ने कहा कि सरमा का 'रीढ़ तोड़ देने' वाला बयान मुख्यमंत्री पद की गरिमा के खिलाफ है और मुसलमानों को डराया नहीं जा सकता।

Image

असम की चेंगा विधानसभा क्षेत्र में रैली करते असदुद्दीन ओवैसी।

Assam Assembly Elections 2026: असम विधानसभा चुनाव के लिए राज्य में सियासी सरगर्मियां तेज हैं। इसी बीच AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा पर करारा हमला बोला है। बरपेटा जिले के चेंगा विधानसभा क्षेत्र में एयूआईडीएफ उम्मीदवार अशरफुल हुसैन के समर्थन में रैली को संबोधित करते हुए ओवैसी ने आरोप लगाया कि सरमा 'मियां समुदाय' की रीढ़ तोड़ने जैसी धमकी दे रहे हैं, जो मुख्यमंत्री पद की गरिमा के खिलाफ है।

आप मुख्यमंत्री हैं, भाषा की मर्यादा रखिए - ओवैसी

ओवैसी ने कहा कि आप मुख्यमंत्री हैं, भाषा की मर्यादा रखिए। अगर आप आवाज उठाते हैं, तो मेरी आवाज भी आपको जवाब देने के लिए काफी है। उन्होंने कहा कि आप धमकियों की बात करते हैं, आप हमारी कमर तोड़ने और हमारा जीवन दयनीय बनाने की बात करते हैं। मुसलमान 150 वर्षों से अधिक समय से असम में रह रहे हैं। कोई भी इस उपस्थिति को नष्ट नहीं कर सकता। जब तक यह दुनिया कायम है, यहां के मुसलमान सुरक्षित रहेंगे।

हिमंता सरमा ने कही थी ये बात

मुख्यमंत्री सरमा ने हाल ही में चुनावी सभाओं में कहा था कि पिछले पांच साल में हमने मियाओं के हाथ-पैर तोड़े, अब अगले पांच साल में उनकी रीढ़ तोड़ेंगे, ताकि वे असम में शांति से न रह सकें। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए ओवैसी ने कहा कि आप हमें डरा नहीं सकते। अगर आप हमें निशाना बनाना चाहते हैं, तो असम में किसी भी जगह का नाम बता दीजिए। (एयूआईडीएफ प्रमुख) बदरुद्दीन अजमल और मैं दोनों वहां जाएंगे।

'जुल्म करने वालों का राजनीतिक पतन तय'

जनसभा को संबोधित करते हुए ओवैसी ने कहा कि सरकार को असम के गरीब लोगों के खिलाफ किसी भी प्रकार के दमनकारी उपाय अपनाने के खिलाफ चेतावनी दी। आप गरीबों को क्यों सता रहे हैं? याद रखिए, जब पीड़ित के होंठों से आह निकलती है, तो वह सीधे अल्लाह तक पहुँचती है। गरीबों की दुआओं से डरिए। अत्याचार करने वालों का राजनीतिक पतन निश्चित है। उन्होंने मुस्लिम समुदाय को अपने अधिकारों की रक्षा के लिए एयूआईडीएफ के उम्मीदवारों को वोट देने की अपील की।

गौरतलब है कि इस बार असम विधानसभा चुनाव में AIMIM ने अपना कोई उम्मीदवार नहीं उतारा है और एयूआईडीएफ को समर्थन दे रही है। राज्य की 126 विधानसभा सीटों पर मतदान 9 अप्रैल को होगा और मतगणना 4 मई को की जाएगी।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article