इलेक्शन

Narottam Mishra Defeat: भाजपा लहर में भी अपना घर नहीं बचा पाए गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा, राजेंद्र भारती के खिलाफ मिली हार

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Dec 3, 2023, 08:25 PM IST

Narottam Mishra: मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 के नतीजों में एक चौंकाने वाला परिणाम सामने आया है जहां राज्य के गृहमंत्री और कद्दावर नेता नरोत्तम मिश्रा को हार का मुंह देखना पड़ा।

Image

नरोत्तम मिश्रा

Narottam Mishra: अपनी राजनीतिक बयानबाजी के लिए देश भर में विख्यात मध्यप्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा विधानसभा चुनाव 2023 में अपना ही घर नहीं बचा पाए। लाड़ली बहना योजना के रथ पर सवार होकर भारतीय जनता पार्टी ने इतिहास रचते हुए शानदार प्रदर्शन किया और धमाकेदार अंदाज में कांग्रेस का सूपड़ा साफ करते हुए राज्य की सत्ता पर कब्जा कर लिया। लेकिन नरोत्तम मिश्रा को दतिया विधानसभा क्षेत्र की जनता ने नकार दिया। नरोत्तम मिश्रा को कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र भारती ने 7156 मतों के अंतर से मात दी।

राजेंद्र भारती ने दी नरोत्तम मिश्रा को मार

नरोत्तम मिश्रा को 80,492 वोट मिले वहीं उनके करीबी प्रतिद्वंद्वी राजेंद्र भारती के खाते में 87,648 वोट आए। भारती ने 7,156 वोट के अंतर से जीत दर्ज की। इनके अलावा इस सीट पर खड़े 14 प्रत्याशियों की जमानत दर्ज हो गई। इस लिहाज से देखें तो नरोत्तम मिश्रा को करारी हार मिली।

पिछली बार भी हुई थी कांटे की टक्कर

भाजपा ने लगातार चौथी बार मिश्रा को दतिया सीट से उम्मीदवार बनाया था। कांग्रेस ने पहले इस सीट के लिए भाजपा से बगावत कर आए अवधेश नायक को अपना प्रत्याशी बनाया था लेकिन बाद में इस सीट पर राजेंद्र भारती को टिकट दिया। पिछले विधानसभा चुनाव में भी मिश्रा और भारती के बीच कांटे की टक्कर हुई थी। नरोत्तम मिश्रा को 72209 और राजेंद्र गौतम को 69553 वोट मिले थे। नरोत्तम मिश्रा को महज 2656 वोट के अंतर से जीत मिली थी। इस बार भी दोनों के बीच कड़े मुकाबले की उम्मीद जताई गई थी और ऐसा ही हुआ।

माने जा रहे थे मुख्यमंत्री पद के दावेदार

विधानसभा चुनाव से पहले नरोत्तम मिश्रा को राज्य के मुख्यमंत्री पद का दावेदार माना जा रहा था। लेकिन हार ने उनके राज्य के सबसे बड़े सियासी पद पर आसीन होने के सपने पर पानी फेर दिया। दुर्भाग्य की बात है कि जहां भाजपा राज्य में 230 सीटों में से 164 सीटें जीतने में सफल हुई है। वहीं दूसरी तरफ राज्य के गृह मंत्री को हार का मुंह देखना पड़ा है। नरोत्तम हार का सामना करने वाले भाजपा का अकेला बड़ा चेहरा नहीं है। सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते को निवास सीट से, सांसद गणेश सिंह को सतना सीट से हार का सामना करना पड़ा है।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article