West Bengal Assembly Election 2026: उत्तर पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में रविवार रात भारी हिंसा भड़क उठी। जगतदल थाने के ठीक सामने तृणमूल कांग्रेस (TMC) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के समर्थक आपस में भिड़ गए। यह झड़प प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोमवार को होने वाली हाई-प्रोफाइल जनसभा से महज कुछ घंटे पहले हुई है।
पोस्टर और झंडे फाड़ने का आरोप
हिंसा की शुरुआत प्रधानमंत्री मोदी के दौरे के लिए लगाए गए पोस्टर और झंडों को फाड़ने को लेकर हुई। जगतदल इलाके में भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि TMC समर्थकों ने उनके प्रचार सामग्री का अपमान किया है। देखते ही देखते दोनों पक्षों के सैकड़ों कार्यकर्ता थाने के सामने जमा हो गए और पत्थरबाजी शुरू हो गई।
विधायक पवन सिंह के आवास पर बमबारी, CISF जवान घायल
हिंसा ने उस समय गंभीर रूप ले लिया जब भाटपारा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार पवन सिंह के आवास पर क्रूड बम फेंके गए। इस विस्फोट में कम से कम तीन लोग घायल हो गए हैं। पवन सिंह ने आरोप लगाया कि शिकायत दर्ज कराकर लौटने के दौरान उनके काफिले पर पथराव, बमबारी और फायरिंग की गई। इस हमले में पवन सिंह की सुरक्षा में तैनात एक CISF जवान के बाएं पैर में गोली लगी है।
BJP बनाम TMC: आरोपों का दौर
पवन सिंह ने दावा किया कि वार्ड 17 के TMC पार्षद मनोज पांडेय और उनके लोगों ने भाजपा कार्यकर्ताओं को परेशान किया और उन पर हमला किया। वहीं भाटपारा से टीएमसी उम्मीदवार अमित गुप्ता ने भाजपा के आरोपों को सिरे से खारिज किया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके कार्यकर्ता बिट्टू जब झंडे लगा रहे थे, तब भाजपा समर्थकों ने उनके साथ मारपीट की और पार्टी कार्यालय में तोड़फोड़ की। गुप्ता ने अर्जुन सिंह पर थाने के भीतर TMC कार्यकर्ताओं पर हमला करने का भी आरोप लगाया।
पीएम मोदी की रैली से पहले हाई अलर्ट
प्रधानमंत्री की रैली को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। जगतदल और भाटपारा इलाकों में अतिरिक्त अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है। पुलिस ने बमबारी और झड़प के संबंध में मामला दर्ज कर लिया है, लेकिन इलाके में तनाव अभी भी बना हुआ है। बता दें, कि पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होना है, जबकि वोटों की गिनती 4 मई 2026 को की जाएगी।
