इलेक्शन

कोलकाता में नमाजियों के बीच पहुंचीं ममता, BJP को ललकारा, बोलीं-बंगाल को निशाना बनाने वाले जहन्नुम में जाएं

ईद-उल-फितर पर रेड रोड पर लोगों के नमाज पढ़ने के बाद, TMC के राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद अभिषेक बनर्जी ने कहा, 'मैं आपके त्योहारों में शामिल होऊंगा और आप मेरे त्योहारों में शामिल होंगे- यह बंगाल की संस्कृति है। रमजान में राम हैं और दिवाली में अली। जिस चांद को हम ईद के लिए देखते हैं।

Image

कोलकाता में नमाजियों के बीच पहुंचीं ममता बनर्जी।

Photo : ANI

West Bengal Assembly Election 2026: पश्चिम बंगाल में सियासी पारा काफी गर्म हो गया है। राजनीतिक दलों के बीच वार-प्रत्यारोप और जुबानी हमलों का दौर जारी है। इसी क्रम में शनिवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी कोलकाता के रेड रोड पहुंचीं। यहां नमाजियों के बीच ममता बनर्जी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को ललकारते हुए कहा कि 'सरफरोशी की तमन्ना अब हमारे दिल में है, देखना है जोर कितना बाजू-ए-कातिल में है, खुदी को कर बुलंद इतना कि हर तकदीर से पहले, खुदा बंदे से खुद पूछे, बता तेरी रजा क्या है।' बंगाल की सीएम ने कहा कि भारत को सत्ता से हटाना और देश की सुरक्षा करना, उनकी यह एक मात्र लक्ष्य है।

बंगाल को निशाना बनाने वाले जहन्नुम में जाएं-ममता

ईद समागम में ममता ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि 'हम भाजपा को आपके मतदान का अधिकार छीनने नहीं देंगे, हम अंत तक लड़ेंगे। पश्चिम बंगाल को निशाना बनाने वालों को जहन्नुम में जाना चाहिए।'

'भाजपा को आपका मताधिकार नहीं छीनने देंगे'

बनर्जी ने कहा, 'हम (प्रधानमंत्री नरेन्द्र) मोदी और भाजपा को आपका मताधिकार नहीं छीनने देंगे। लोकतंत्र और हर नागरिक के अधिकारों की रक्षा के लिए हम अंत तक लड़ेंगे।’ बनर्जी की यह टिप्पणी मतदाता सूची की समीक्षा की उस कवायद को लेकर तेज होते राजनीतिक विवाद के बीच आई है जिसे तृणमूल कांग्रेस विधानसभा चुनाव से पहले खासकर अल्पसंख्यक बहुल इलाकों में वास्तविक मतदाताओं के नाम हटाने की कोशिश करार देती रही है। बनर्जी ने कहा कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण या सत्यापन के नाम पर मतदाताओं को मताधिकार से वंचित करने की हर कोशिश का उनकी पार्टी विरोध करेगी। उन्होंने सभा में मौजूद लोगों की तालियों की गड़गड़ाहट के बीच कहा, 'जो लोग बंगाल को निशाना बना रहे हैं और लोगों को बांटने की कोशिश कर रहे हैं उन्हें जहन्नुम में जाना चाहिए।’

रमजान में राम हैं और दिवाली में अली-अभिषेक

ईद-उल-फितर पर रेड रोड पर लोगों के नमाज पढ़ने के बाद, TMC के राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद अभिषेक बनर्जी ने कहा, 'मैं आपके त्योहारों में शामिल होऊंगा और आप मेरे त्योहारों में शामिल होंगे- यह बंगाल की संस्कृति है। रमजान में राम हैं और दिवाली में अली। जिस चांद को हम ईद के लिए देखते हैं, उसी को हम करवा चौथ के लिए देखते हैं, जो लोग सोचते हैं कि वे नाम मिटा देंगे, लोगों को बेघर कर देंगे और उन्हें देश से बाहर निकाल देंगे, कि वे भाइयों को एक-दूसरे के खिलाफ खड़ा कर देंगे, उनसे मैं कहूंगा कि कोई भी नहीं झुकेगा।'

राहत इंदौरी के शेर का जिक्र करते हुए अभिषेक ने कहा, 'किराएदार हैं, जमीन थोड़ी है, सबका खून है, यहां की मिट्टी में शामिल है, किसी के बाप का हिंदुस्तान थोड़ा है। यह देश जितना मेरा है, उतना ही तुम्हारा भी है।'

राज्य में अनौपचारिक राष्ट्रपति शासन लागू किया-ममता

इससे पहले ममता बनर्जी ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि केंद्र सरकार राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव के बाद राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) और जनगणना के नाम पर 'लोगों की नागरिकता छीनने’ की योजना बना रही है। बनर्जी ने तृणमूल कांग्रेस का चुनावी घोषणापत्र जारी होने के दौरान प्रेसवार्ता में दावा किया कि चुनाव से पहले राज्य में 'अनौपचारिक राष्ट्रपति शासन’लागू कर दिया गया है। उन्होंने दावा किया, 'केंद्र सरकार चुनाव के बाद एनआरसी और जनगणना के नाम पर लोगों की नागरिकता छीनने की योजना बना रही है।’ मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों को ऐसे प्रयासों के प्रति सतर्क रहना चाहिए।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article