Sonia Gandhi Attacks PM Modi: लोकसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने आज पहली बड़ी रैली की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला। शनिवार को जयपुर में हुई रैली में सोनिया ने कहा कि मोदी जी खुद को महान मानकर देश और लोकतंत्र की मर्यादा का चीरहरण कर रहे हैं। इसके साथ ही सोनिया गांधी ने कहा कि आज हमारे देश का लोकतंत्र खतरे में है। इसके साथ ही कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला।
लोकतंत्र की मर्यादा का चीरहरण कर रहे मोदी, बोलीं सोनिया
सोनिया गांधी जयपुर के विद्याधर नगर में आयोजित एक चुनावी जनसभा को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा, देश के ऊपर हो जाने की बात सपने में भी नहीं सोची जा सकती। क्या कोई देश से बड़ा हो सकता है? जो ऐसा सोचता है उसे देश की जनता सबक सिखा देती है। दुर्भाग्य से आज हमारे देश में ऐसे नेता सत्ता में विराजमान हैं। मोदी जी खुद को महान मानकर देश और लोकतंत्र की मर्यादा का चीरहरण कर रहे हैं।
कहा, विपक्षी नेताओं को डराने धमकाने के हथकंडे
उन्होंने कहा, विपक्षी नेताओं को डराने धमकाने, भाजपा में शामिल कराने के लिए तरह तरह के हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। सोनिया गांधी ने कहा कि हमारा देश पिछले दस साल से एक ऐसी सरकार के हवाले है जिसने बेरोजगारी, महंगाई, आर्थिक संकट, असमानता व अत्याचार को बढ़ावा देने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। इस दौरान मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी व राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी इस दौरान मौजूद थे।
खरगे बोले, 25 गारंटी करेंगे पूरी
वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, अगर हमारी सरकार सत्ता में आती है तो हमने 25 गारंटी पूरी करने का वादा किया है। पीएम मोदी के विपरीत हम झूठ नहीं बोलते हैं। उन्होंने कई गारंटी दी हैं, लेकिन मैं आपसे पूछना चाहता हूं कि कौन सी गारंटी अब तक पूरी हुई है। उन्होंने हर साल 2 करोड़ नौकरियां देने की गारंटी दी थी, तो क्या उन्हें पिछले 10 वर्षों में 20 करोड़ नौकरियां नहीं देनी चाहिए थीं?
बता दें कि कांग्रेस की यह पहली बड़ी रैली है जिसमें सोनिया गांधी सहित बड़े नेताओं ने शिरकत की है।
