Lok Sabha Election Results 2024: देश भर में सात चरणों में संपन्न हुए लोकसभा चुनाव के लिए आज फैसले की घड़ी है। आज सुबह आठ बजे से सभी मतगणना केंद्रों पर मतों की गिनती शुरू हो जाएगी। चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा और कांग्रेस समेत सभी दलों ने अपनी-अपनी जीत के दावे किए थे। हालांकि आज नतीजों से पहले ही दिल्ली स्थित दोनों पार्टियों मुख्यालयों में जश्न की तैयारियां शुरू हो गई हैं। एक ओर भाजपा मुख्यालय में पूड़ी-सब्जी और मिठाई जैसे पकवान बन रहे हैं तो वहीं दूसरी ओर कांग्रेस मुख्यालय में छोले-भटूरे की तैयारी हो रही है। दोनों पार्टियों के दफ्तरों से सामने आए वीडियो इस बात को जाहिर करते हैं कि, दोनों पार्टियां अपनी-अपनी जीत को लेकर काफी आश्वस्त नजर आ रही हैं।
छत्तीसगढ़ में भाजपा बांटेगी 201 किग्रा लड्डू
दिल्ली स्थित मुख्यालय में तो भाजपा ने मिठाई बांटने का कार्यक्रम तय किया ही है साथ ही साथ छत्तीसगढ़ के रायपुर में भी भाजपा ने जश्न की तैयारी की है। रायपुर में भाजपा 11 प्रकार के 201 किग्रा लड्डू बांटेगी।
जयपुर के भाजपा कार्यालय में सजवाट
राजस्थान के जयपुर में भाजपा के कार्यालय को मतगणना के दिन रंग-बिरंगी लाइटों से सजा दिया गया है। चर्चा है कि, यहां पर भी भाजपा जीत के बाद काफी बड़े पैमाने पर जश्न मनाएगी। जयपुर के भाजपा कार्यालय में सुबह से ही कार्यकर्ता एकत्रित हो चुके हैं और मतगणना शुरू होने की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
दिल्ली, रायपुर और जयपुर ही नहीं बल्कि देश के अलग-अलग स्थानों पर भाजपा और कांग्रेस ने जश्न की तैयारी की है। गौरतलब है कि, एनडीए 400 प्लस सीटों के लक्ष्य को पूरा करने का दावा करता नजर आ रहा है तो वहीं I.N.D.I.A. 295 सीटों पाने का दावा कर रहा है। हालांकि दोनों में किसकी होगी जीत, किसकी हार..ये तो नतीजों के बाद ही स्पष्ट तौर पर कहा जा सकता है।
