इलेक्शन

इंदौर में बीजेपी उम्मीदवार लालवानी ने 11.75 लाख वोट से चुनाव जीतकर रचा इतिहास, शाह 6 लाख वोटों से आगे

अमित शाह गांधीनगर सीट से दूसरे कार्यकाल के लिए चुनाव मैदान में हैं। पूर्व में भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी लोकसभा में इस सीट का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।

Image

रिकॉर्ड जीत की ओर अमित शाह और शंकर लालवानी

Lok Sabha Election Results 2024: इंदौर लोकसभा क्षेत्र में निवर्तमान सांसद और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार शंकर लालवानी ने मंगलवार को 11,75,092 वोट के विशाल अंतर से चुनाव जीतकर रिकॉर्ड कायम किया और इस सीट पर भाजपा का 35 साल पुराना कब्जा बरकरार रखा। यह मौजूदा लोकसभा चुनाव में देश भर की 543 सीट में संभवत: जीत का सबसे बड़ा अंतर है। अपने उम्मीदवार के पर्चा वापस लेने के कारण कांग्रेस के इंदौर में चुनावी दौड़ से बाहर होने के बाद लालवानी ने 12,26,751 वोट हासिल किए। लालवानी के निकटतम प्रतिद्वंद्वी बहुजन समाज पार्टी प्रत्याशी संजय सोलंकी को 51,659 मतों से संतोष करना पड़ा।

वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान लालवानी ने अपने नजदीकी प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस प्रत्याशी पंकज संघवी को 5.48 लाख वोट से हराया था। इंदौर में इस बार 'नोटा' (उपरोक्त में से कोई नहीं) को 2,18,674 वोट हासिल हुए और यह भी एक राष्ट्रीय रिकॉर्ड है। लालवानी ने अपनी जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व को दिया। उन्होंने कहा, इंदौर में भाजपा की जीत प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की जीत है। लालवानी ने कहा कि इंदौर में चुनावी दौड़ से बाहर होने के बाद कांग्रेस ने स्थानीय मतदाताओं से नोटा की अपील करके नकारात्मक भूमिका निभाई। उन्होंने कहा, पिछले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार (पंकज संघवी) को जितने वोट मिले थे, इस बार उसके आधे वोट भी कांग्रेस के समर्थन वाले नोटा को नहीं मिल सके। यह दर्शाता है कि इंदौर की जनता ने कांग्रेस को नकार दिया है।

गुजरात की गांधीनगर लोकसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी के नेता एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कांग्रेस की सोनल पटेल से 6.15 लाख से अधिक मतों से आगे हैं। निर्वाचन आयोग से प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक, शाह को अब तक 7.96 लाख वोट मिले हैं जबकि सोनल पटेल को 1.81 लाख वोट मिले हैं। राज्य की 25 लोकसभा सीटों के लिए सुबह आठ बजे से मतगणना जारी है। साल 2019 के चुनाव में शाह ने 5.57 लाख से अधिक मतों के भारी अंतर से इस सीट पर जीत दर्ज की थी।

गांधीनगर से लड़ते थे आडवाणी

अमित शाह इस सीट से दूसरे कार्यकाल के लिए चुनाव मैदान में हैं। पूर्व में भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी लोकसभा में इस सीट का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने भी 1996 में यह सीट जीती थी। हालांकि, उन्होंने लखनऊ सीट (उत्तर प्रदेश) से भी जीत हासिल की थी। बाद में उन्होंने गांधीनगर से इस्तीफा दे दिया था और लखनऊ सीट को बरकरार रखा था। गुजरात की 26 लोकसभा सीट में से 25 सीट पर सात मई को एक ही चरण में मतदान हुआ था।

शिवराज चौहान 8 लाख वोटों से जीते

वहीं, विदिशा लोकसभा क्षेत्र से शिवराज सिंह चौहान ने रिकॉर्ड तोड़ मतों से जीत दर्ज की है। उन्होंने कांग्रेस प्रतिद्वंदी प्रताप भानू को 8,20,868 मतों से हराया है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article