इलेक्शन

'मोदी चौकीदार तो किसने अपनी मां का दूध पिया है जो...' महाराष्ट्र में PM Modi का बड़ा हमला

PM Modi in Maharashtra: पीएम मोदी ने महाराष्ट्र के नंदुरबार में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, चाहे वह एससी, एसटी या ओबीसी हो, 'वंचित का जो अधिकार है, मोदी उसका चौकीदार है। जब मोदी जैसा चौकीदार हो, किसने अपनी माँ का दूध पिया है जो आपका हक छीन सकता है।

Image

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

Photo : Twitter

PM Modi in Maharashtra: लोकसभा चुनाव के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को महाराष्ट्र के नंदुरबार में एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने धर्म आधारित आरक्षण खासतौर पर मुस्लिम आरक्षण को मुद्दा बनाते हुए कांग्रेस पर करारा हमला बोला। पीएम मोदी ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि जब तक मोदी जिंदा है, धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं होने देगा। उन्होंने कहा, कांग्रेस आरक्षण और संविधान के संबंध में झूठ फैला रही है, धर्म आधारित आरक्षण डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के खिलाफ है।

प्रधानमंत्री ने कहा, आपका कोटा छीनकर मुसलमानों को देना कांग्रेस का छिपा हुआ एजेंडा है। कर्नाटक में कांग्रेस सरकार ने सभी मुसलमानों को ओबीसी श्रेणी में रातों रात शामिल कर उन्हें आरक्षण दे दिया। धर्म के आधार पर आरक्षण का लाभ देना हमारे संविधान में निहित मूल्यों और सिद्धांतों के खिलाफ है। उन्होंने कहा, जब तक मैं जीवित हूं, मैं दलितों, आदिवासियों, ओबीसी का आरक्षण धर्म के आधार पर मुसलमानों को नहीं देने दूंगा।

आपका हक कोई नहीं छीन सकता

पीएम मोदी ने कहा, मैं पूरी जिम्मेदारी के साथ कहना चाहता हूं, चाहे वह एससी, एसटी या ओबीसी हो, वंचित का जो अधिकार है, मोदी उसका चौकीदार है। जब मोदी जैसा चौकीदार हो, किसने अपनी मां का दूध पिया है जो आपका हक छीन सकता है। उन्होंने कहा, जनजातीय समुदाय की सेवा करना मेरे लिए अपने परिवार की सेवा करने जैसा है। एक तरफ भाजपा तो दूसरी तरफ कांग्रेस है, कांग्रेस ने कभी आदिवासी भाई-बहनों की परवाह नहीं है। आदिवासी इलाकों में सिकल सेल एनीमिया एक बड़ा खतरा रहा है लेकिन कांग्रेस ने इस बीमारी की तरफ उतना ध्यान ही नहीं दिया। यह भाजपा है जिसने सिकल सेल एनीमिया को जड़ से खत्म करने के लिए अभियान चलाया है।

आदिवासी बेटी राष्ट्रपति न बने, इसके लिए कांग्रेस ने लगाया जोर

पीएम मोदी ने आगे कहा, भाजपा ने आदिवासी बेटी को राष्ट्रपति बनाया, लेकिन कांग्रेस वालों ने एक आदिवासी बेटी को राष्ट्रपति बनने से रोकने के लिए रात-दिन एक किया था। पीएम मोदी ने राहुल गांधी और सैन पित्रोदा पर हमला करते हुए कहा, कांग्रेस के शहजादे के गुरू ने भारत के लोगों पर रंगभेदी टिप्पणी की है, रंग के आधार पर भेद का आरोप लगाया है। जिनका रंग भगवान कृष्ण जैसा होता है उन्हें कांग्रेस अफ्रीकन मानती है, इसलिए द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति बने यह उन्हें मंजूर नहीं था।

गाली देते हुए भी तुष्टीकरण का ध्यान रखते हैं

प्रधानमंत्री ने कहा, एक तरफ कांग्रेस है जो कहती है 'मोदी तेरी कब्र खुदेगी' और दूसरी तरफ ये नकली शिवसेना है जो मुझे ज़िंदा गाड़ने की बात करती है। मुझे गाली देते हुए भी ये तुष्टीकरण का पूरा ध्यान रखते हैं। अब तो ये नकली शिवसेना वाले बम धमाके के दोषी को भी अपने साथ प्रचार में ले जा रहे हैं। बिहार में चारा चोरी में जेल की सज़ा काटने वाले व्यक्ति को कंधे पर बैठाकर घूम रहे हैं, महाराष्ट्र में बम धमाके के दोषी को कंधे पर बैठाकर घूम रहे हैं। ये लोग इतने अहंकार से भरे हुए हैं कि गरीब इनके लिए कोई मायने नहीं रखता। आज ये गरीब का बेटा आपका सेवक बनकर जब प्रधानमंत्री पद पर काम कर रहा है तो ये गरीब विरोधी मानसिकता वाले, शाही परिवार की मानसिकता वाले इसे बर्दाश्त नहीं कर पा रहे हैं। ये नकली शिवसेना वाले मुझे जिंदा गाड़ने की बात कर रहे हैं।"

Times Now Navbharat Digital
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article