इलेक्शन

Lok Sabha Election 2024: छठे चरण में आज 58 सीटों पर मतदान, दिल्ली की सातों सीटों पर वोटिंग, मैदान में ये धाकड़ उम्मीदवार

इस चरण में 11.13 करोड़ से अधिक लोग मतदान के पात्र हैं। इनमें 5.84 करोड़ पुरुष, 5.29 करोड़ महिलाएं और 5,120 तृतीय लिंगी मतदाता शामिल हैं। जम्मू-कश्मीर की अनंतनाग-राजौरी सीट पर भी मतदान होगा।

Image

छठे दौर की वोटिंग

Lok Sabha Election 2024 Voting Today: लोकसभा चुनाव के छठे चरण में दिल्ली की सभी सात सीट सहित छह राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों की 58 सीट के लिए शनिवार यानी आज मतदान होगा। दिल्ली के अलावा उत्तर प्रदेश की 14, हरियाणा की सभी 10, बिहार और पश्चिम बंगाल की आठ-आठ, ओडिशा की छह, झारखंड की चार और जम्मू-कश्मीर की एक सीट पर शनिवार को मतदान होगा। इसके अलावा ओडिशा की 42 विधानसभा सीट पर भी मतदान होगा। इस चरण में 11.13 करोड़ से अधिक लोग मतदान के पात्र हैं। इनमें 5.84 करोड़ पुरुष, 5.29 करोड़ महिलाएं और 5,120 तृतीय लिंगी मतदाता शामिल हैं। जम्मू-कश्मीर की अनंतनाग-राजौरी सीट पर भी मतदान होगा।

इन दिग्गजों पर रहेगी नजर

छठे चरण के प्रमुख उम्मीदवारों में संबलपुर (ओडिशा) से केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान (भाजपा), उत्तर पूर्वी दिल्ली से मनोज तिवारी (भाजपा) व कन्हैया कुमार (कांग्रेस), सुल्तानपुर (उत्तर प्रदेश) से मेनका गांधी (भाजपा), अनंतनाग-राजौरी (जम्मू और कश्मीर) से महबूबा मुफ्ती (पीडीपी), तमलुक (पश्चिम बंगाल) से अभिजीत गंगोपाध्याय (भाजपा), करनाल से पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, कुरुक्षेत्र से नवीन जिंदल और गुरुग्राम सीट से राव इंद्रजीत सिंह शामिल हैं। निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं से अधिक संख्या में चुनावी पर्व में हिस्सा लेने और जिम्मेदारी एवं गर्व के साथ मतदान करने का भी आग्रह किया।

पश्चिम बंगाल की 8 सीटें

पश्चिम बंगाल के जंगल महल क्षेत्र में मतदान होगा। इस क्षेत्र में पांच जिलों में आठ लोकसभा क्षेत्र आते हैं। तामलुक, कांथी, घाटल, झाड़ग्राम, मेदिनीपुर, पुरुलिया, बांकुड़ा और बिष्णुपुर लोकसभा क्षेत्रों में शनिवार को मतदान होना है। पिछले लोकसभा चुनाव में इन आठ सीट में से पांच पर भाजपा ने जीत दर्ज की थी, जबकि तीन सीट पर तृणमूल कांग्रेस ने जीत हासिल की थी। कांथी और तामलुक लोकसभा क्षेत्रों में शुभेंदु अधिकारी एवं उनके परिवार का अच्छा-खासा प्रभाव है और ये निर्वाचन क्षेत्र वंशवादी राजनीति के उदाहरण माने जाते हैं। अधिकारी के परिवार के सदस्य महत्वपूर्ण राजनीतिक पदों पर रहे हैं। शुभेंदु के भाई सौमेंदु अधिकारी कांथी लोकसभा सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। तामलुक में, कलकत्ता उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश व भाजपा उम्मीदवार अभिजीत गंगोपाध्याय तृणमूल कांग्रेस के युवा नेता देबांग्शु भट्टाचार्य के खिलाफ चुनाव मैदान में हैं।

दिल्ली की 7 सीटें

दिल्ली सात लोकसभा सीट पर भाजपा और इंडिया गठबंधन के बीच सीधा मुकाबला है। चुनाव से पहले ही इंडिया गठबंधन के घटकों के बीच सीट को लेकर बनी सहमति के तहत आम आदमी पार्टी (आप) चार और कांग्रेस तीन सीट पर चुनाव लड़ रही है। यह पहला लोकसभा चुनाव है जब आप और कांग्रेस मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं और केंद्र में सत्तारूढ़ भाजपा को चुनौती दे रहे हैं। आप ने पूर्वी दिल्ली सीट से कुलदीप कुमार को, पश्चिमी दिल्ली से महाबल मिश्रा को, नयी दिल्ली से सोमनाथ भारती को और दक्षिणी दिल्ली से सही राम पहलवान को मैदान में उतारा है।

कांग्रेस ने चांदनी चौक से जेपी अग्रवाल, उत्तर पूर्वी दिल्ली से कन्हैया कुमार और उत्तर पश्चिम दिल्ली सीट से उदित राज को अपना प्रत्याशी बनाया है। भाजपा ने मनोज तिवारी को उत्तर पूर्वी दिल्ली से प्रत्याशी बनाया है और वह राष्ट्रीय राजधानी में अकेले मौजूदा सांसद हैं, जिन्हें पार्टी ने फिर से चुनाव मैदान में उतारा है। भाजपा ने दक्षिणी दिल्ली से रामवीर सिंह बिधूड़ी को, नयी दिल्ली से बांसुरी स्वराज को, पूर्वी दिल्ली से हर्ष दीप मल्होत्रा, उत्तर पश्चिमी दिल्ली से योगेन्द्र चंदोलिया, चांदनी चौक से प्रवीण खंडेलवाल और पश्चिमी दिल्ली से कमलजीत सहरावत को प्रत्याशी बनाया है।

यूपी की 14 सीटें

आम चुनाव के छठे चरण के लिए उत्तर प्रदेश की 14 लोकसभा सीट पर मतदान होगा, जहां पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी, तृणमूल कांग्रेस के ललितेश पति त्रिपाठी और भोजपुरी फिल्म अभिनेता दिनेश लाल यादव निरहुआ समेत 162 उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत का फैसला होगा। छठे चरण में प्रदेश के 14 लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, फूलपुर, इलाहाबाद, अम्बेडकरनगर, श्रावस्‍ती, डुमरियागंज, बस्ती, संत कबीर नगर, लालगंज, आजमगढ़, जौनपुर, मछलीशहर और भदोही में मतदान होना है। सुलतानपुर में भाजपा उम्मीदवार मेनका गांधी का समाजवादी पार्टी (सपा) के रामभुआल निषाद और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के उदयराज वर्मा से मुकाबला है। आजमगढ़ सीट पर निवर्तमान भाजपा सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ का मुकाबला सपा प्रमुख अखिलेश यादव के चचेरे भाई धर्मेंद्र यादव से है। जौनपुर सीट पर बसपा के मौजूदा सांसद श्याम सिंह यादव को पार्टी ने फिर चुनाव मैदान में उतारा है, जिनका मुकाबला सपा उम्मीदवार एवं पूर्व मंत्री बाबू सिंह कुशवाहा और भाजपा के कृपाशंकर सिंह से है। (भाषा इनपुट)
Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article