Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव-2024 के पहले चरण का मतदान शुक्रवार को पूरा हो गया है और इसके साथ ही दूसरे चरण के लिए चुनाव प्रचार तेज हो गया है। बता दें, देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में कुल 80 लोकसभा सीटें हैं। उत्तर प्रदेश की मैनपुरी लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की सांसद पत्नी डिंपल यादव चुनाव मैदान में हैं। वह दोबारा लोकसभा चुनाव के मैदान में उतरी हैं, लेकिन इस बार उनकी बेटी अदिति यादव भी मां डिंपल यादव के लिए जनता के बीच जाकर वोट मांग रहीं हैं।
बता दें कि समाजवादी पार्टी के लिए मैनपुरी लोकसभा सीट काफी महत्वपूर्ण है। मैनपुरी को उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का गढ़ माना जाता है। सांसद डिंपल यादव पर मुलायम सिंह यादव की विरासत को बचाने की जिम्मेदारी है।
बता दें कि अखिलेश यादव की बेटी अदिति यादव फिलहाल विदेश में पढ़ाई कर रही हैं और वह लोकसभा चुनाव-2024 को लेकर अपने घर आई हुई हैं और अपनी मां के समर्थन में प्रचार भी कर रही हैं। अदिति अक्सर ही अपनी मां के साथ चुनाव प्रचार में दिखती हैं। इस बारे में जब डिंपल यादव से पूछा गया था तो उन्होंने कहा कि सभी को जीवन में सभी तरह के अनुभव होने चाहिए। इस बार अदिति यादव ने मैनपुरी लोकसभा क्षेत्र में एक नुक्कड़ सभा में हिस्सा लिया और समाजवादी पार्टी के चुनाव चिह्न साइकिल पर बटन दबाकर मां डिंपल यादव को जिताने की अपील की। बता दें कि मैनपुरी में सात मई को मतदान हैं। सात मई को मतदान के लिए जोरशोर से चुनाव प्रचार चल रहा है।
