इलेक्शन

Lok Sabha Election 2024: झारखंड में INDI गठबंधन की सीट शेयरिंग पर अब तक फंसा है पेंच, इन सीटों को लेकर नहीं बन पा रही बात

Lok Sabha Election 2024: चुनाव आयोग ने लोकसभा चुनाव-2024 के तारीखों की घोषणा कर दी है। ऐसे में अब अलग-अलग दलों के बीच सीट शेयरिंग का काम अंतिम चरण में है। लेकिन, झारखंड में INDI गठबंधन के बीच अभी भी सीटों को लेकर मामला उलझा हुआ है।

Image

झारखंड में इंडिया गठबंधन की कई सीटों पर फंसा है पेंच

Photo : Twitter

Lok Sabha Election 2024: झारखंड में इंडिया गठबंधन की पार्टियों की कई दौर की बैठकों के बाद भी सीटों के बंटवारे पर सर्वसम्मत फॉर्मूला अब तक नहीं बन पाया है। राज्य में गठबंधन के दो बड़े दल जेएमएम(JMM) और कांग्रेस के नेता सहमति का दावा जरूर कर रहे हैं, लेकिन बाकी घटक दलों की दावेदारी को लेकर फैसला नहीं हो पा रहा है। झारखंड में लोकसभा की कुल 14 सीटें हैं। प्रदेश कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम का कहना है कि कांग्रेस के हिस्से में सात, जेएमएम के लिए पांच और राजद एवं सीपीआई-एमएल के लिए एक-एक सीट के फॉर्मूले का आधिकारिक तौर पर जल्द ही ऐलान कर दिया जाएगा। उनके मुताबिक रांची, हजारीबाग, गोड्डा, खूंटी, धनबाद, जमशेदपुर और लोहरदगा की सीटों पर कांग्रेस अपने प्रत्याशी देगी, जबकि सिंहभूम, दुमका, राजमहल, गिरिडीह और चतरा सीट पर जेएमएम के प्रत्याशी होंगे। राजद को पलामू और सीपीआई (ML) को कोडरमा सीट देने पर सहमति बनी है।

सीट शेयरिंग पर अब तक नहीं लगी अंतिम मुहर

दूसरी तरफ, झारखंड मुक्ति मोर्चा(झामुमो) के विनोद कुमार पांडेय कहते हैं कि गठबंधन में सहमति को लेकर किसी तरह की दिक्कत नहीं है। लेकिन, सीट शेयरिंग पर अब तक अंतिम तौर पर मुहर नहीं लगी है। कौन सी सीट किसके हिस्से में जाएगी, इस पर विचार के लिए बनी कमेटी ने अपनी रिपोर्ट नेतृत्व को सौंप दी है और आखिरी फैसला इंडिया गठबंधन के शीर्ष नेता ही करेंगे। दरअसल, कांग्रेस और जेएमएम दोनों भले सहमति बन जाने का राग अलाप रहे हैं, लेकिन उनके प्रस्तावित फॉर्मूले पर राजद(RJD) और सीपीआई(CPI) जैसे घटक दलों ने अब तक हामी नहीं भरी है। राजद दो सीटों पलामू और चतरा पर दावेदारी कर रहा है, जबकि कांग्रेस-झामुमो उसे सिर्फ एक सीट देना चाहती हैं। 2019 के चुनाव में भी राजद को सिर्फ पलामू सीट दी गई थी, लेकिन उसने इससे इनकार करते हुए चतरा सीट पर भी प्रत्याशी उतार दिया था। नतीजतन, चतरा में कांग्रेस और राजद दोनों के प्रत्याशी मैदान में थे।

भाकपा अपने लिए हजारीबाग सीट पर अड़ी है, जबकि गठबंधन की दोनों बड़ी पार्टियां कांग्रेस-झामुमो इसके लिए तैयार नहीं हैं। भाकपा के पूर्व राज्य महासचिव और हजारीबाग सीट से दो दफा सांसद रह चुके भुवनेश्वर प्रसाद मेहता कहते हैं कि अगर हमें गठबंधन में इस बार यह सीट नहीं दी गई तो हमारी पार्टी पांच से सात सीटों पर अपने प्रत्याशी उतार देगी। दूसरी तरफ भाजपा (BJP) ने राज्य की 14 में 11 सीटों पर अपने प्रत्याशियों के नाम 2 मार्च को ही घोषित कर दिए हैं। एक सीट गिरिडीह भाजपा ने सहयोगी पार्टी आजसू के लिए छोड़ी है। दो अन्य सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों के नाम जल्द सामने आ सकते हैं।

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article