इलेक्शन

Lok Sabha Election 2024: आज होगी बीजेपी घोषणा पत्र कमेटी की दूसरी मीटिंग, किसानों के लिए बड़े वादों पर लग सकती है मुहर

BJP Manifesto 2024: लोकसभा चुनाव-2024 के लिए बनी भाजपा की घोषणा पत्र कमेटी की दूसरी मीटिंग आज हो सकती है। इससे पहले सोमवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में भाजपा की चुनाव घोषणा-पत्र समिति की पहली बैठक हुई थी, जिसमें समिति के सदस्यों ने जनता से मिले सुझावों पर चर्चा की थी।

Image

आज होगी BJP घोषणा पत्र कमेटी की दूसरी मीटिंग

Photo : ANI

BJP Manifesto 2024: भारतीय जनता पार्टी (BJP) लोकसभा चुनाव-2024 के लिए बड़े वादे कर सकती है। बीजेपी ने चुनावी घोषणा-पत्र तैयार करने के लिए राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में एक समिति गठित की है। सूत्रों के अनुसार, बीजेपी की चुनाव घोषणा-पत्र समिति की दूसरी बैठक चार अप्रैल यानि कि आज हो सकती है। भाजपा का घोषणा-पत्र 'मोदी की गारंटी' थीम पर हो सकता है। सूत्रों ने इस बात का इशारा किया है कि भाजपा अपने घोषणा-पत्र में किसानों को लेकर बड़े वादे भी कर सकती है। किसानों का मुद्दा इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि किसान संगठन लंबे समय से MSP (न्यूनतम समर्थन मूल्य) के लिए कानूनी गारंटी, कर्ज माफी और पिछले प्रदर्शनों के दौरान किसानों के खिलाफ दर्ज किए गए मामलों को वापस लेने सहित कई मांगों को लेकर सरकार पर दबाव बना रहे हैं। इसका तोड़ निकालने के लिए BJP अपने घोषणा-पत्र में पीएम किसान सम्मान निधि के तहत किसानों को दी जाने वाली वित्तीय सहायता में बढ़ोतरी करने का भी वादा कर सकती है।

इससे पहले सोमवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में भाजपा की चुनाव घोषणा-पत्र समिति की पहली बैठक हुई थी, जिसमें समिति के सदस्यों ने जनता से मिले सुझावों पर चर्चा की। समिति के सह-संयोजक और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने सोमवार को मीडिया को संबोधित करते हुए कहा था कि समिति की बैठक में राजनाथ सिंह, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव समेत कई अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हुए।

घोषणा-पत्र को जल्द दिया जाएगा अंतिम रूप

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा था कि बीजेपी अपने संकल्प पत्र में सभी मुद्दों को गंभीरता से लेती है। भाजपा नेता ने कहा कि हमारी पार्टी के पास मजबूत तंत्र है जिसके जरिये संकल्प पत्र तैयार किया जाता है। अभी शुरुआती घोषणा-पत्र पर चर्चा हुई है। आने वाले कुछ दिनों में इसे अंतिम रूप दे दिया जाएगा।

बता दें, भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने आगामी लोकसभा चुनाव-2024 के लिए 27 सदस्यीय घोषणा पत्र समिति गठन किया है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को इस समिति का अध्यक्ष, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को संयोजक और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को सह-संयोजक बनाया गया है। समिति में केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, भूपेंद्र यादव, अश्विनी वैष्णव, धर्मेंद्र प्रधान, स्मृति ईरानी और राजीव चंद्रशेखर के अलावा पार्टी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और कुछ पूर्व उपमुख्यमंत्री भी शामिल हैं।

पहले चरण के मतदान से पहले BJP जारी कर सकती है अपना घोषणा पत्र

भाजपा ने पिछले माह ही लोकसभा चुनाव-2024 के लिए अपने घोषणा पत्र को तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी थी। पार्टी ने लोगों से सुझाव मांगने के लिए अलग-अलग इलाकों में रथ भी रवाना किए थे। भाजपा अपने घोषणा पत्र को संकल्प पत्र कहती है। सूत्रों के मुताबिक, इस बार का घोषणा पत्र गरीबों, युवाओं, किसानों और महिलाओं को ध्यान में रखकर बनाया जा रहा है। पार्टी का इस बार का घोषणा पत्र 2047 तक देश को विकसित बनाने की योजना पर भी आधारित होगा। सूत्रों के मुताबिक 19 अप्रैल को पहले चरण के मतदान से पहले पार्टी अपना घोषणा पत्र जारी कर सकती है।

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article