इलेक्शन

Lok Sabha Election 2024: गुजरात की 26 सीटों पर इंडिया गठबंधन की नजर, PM मोदी का मुकाबला करने के लिए बनाई ये रणनीति

Lok Sabha Election 2024: आगामी लोकसभा चुनाव में कांग्रेस गुजरात की 24 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि भरूच और भावनगर से आप के उम्मीदवार किस्मत आजमाएंगे। बता दें, गुजरात को चार क्षेत्रों में सौराष्ट्र और कच्छ, उत्तरी गुजरात, दक्षिण गुजरात और मध्य गुजरात में विभाजित किया गया है।

Image

गुजरात के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस-आप गठबंधन से है भाजपा का मुकाबला

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Lok Sabha Election 2024: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के गृह राज्य गुजरात में विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' के प्रमुख घटक कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (AAP) से मुकाबले के बावजूद भारतीय जनता पार्टी (BJP) सभी 26 लोकसभा सीटें अपने पास बरकरार रखने को लेकर आश्वस्त दिख रही है। गुजरात में लोकसभा चुनाव के लिए मतदान एक ही चरण में सात मई को होंगे और मतों की गिनती चार जून को होगी। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) ने 2022 का राज्य विधानसभा चुनाव अलग-अलग लड़ा था। इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को विधानसभा की 182 सीटों में से 156 सीटें मिलीं थी।

कांग्रेस को 2009 के लोकसभा चुनावों जैसे प्रदर्शन की उम्मीद

आगामी लोकसभा चुनाव में कांग्रेस 24 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि भरूच और भावनगर से आप के उम्मीदवार किस्मत आजमाएंगे। भाजपा की गुजरात इकाई के प्रमुख सी आर पाटिल ने कहा है कि पार्टी की नजर प्रत्येक सीट पर पांच लाख वोटों के अंतर से जीत पर है। कांग्रेस को 2009 के लोकसभा चुनावों जैसे प्रदर्शन की उम्मीद होगी जब उसने राज्य की 26 में से 11 सीटों पर जीत हासिल की थी। जबकि आप को विधानसभा में प्रदर्शन के बाद लोकसभा चुनाव में एक भी सीट पर जीत मिलती है तो वह विपक्षी दल के रूप में उसकी स्थिति को मजबूत करेगी।

गुजरात को चार क्षेत्रों में सौराष्ट्र और कच्छ, उत्तरी गुजरात, दक्षिण गुजरात और मध्य गुजरात में विभाजित किया गया है। सौराष्ट्र और कच्छ की सभी आठ लोकसभा सीटें लंबे समय से भाजपा के पास हैं। इस बार ध्यान पोरबंदर और राजकोट पर होगा जहां से भाजपा ने केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया और केंद्रीय मंत्री पुरुषोत्तम रूपाला को मैदान में उतारा है। दोनों मंत्री अब तक राज्यसभा के रास्ते संसद पहुंचे हैं।

उत्तर गुजरात क्षेत्र की सात सीटों में गांधीनगर शामिल है, जिसका प्रतिनिधित्व भाजपा के दिग्गज नेता अमित शाह करते हैं, साथ ही इस क्षेत्र में राज्य के प्रमुख शहर अहमदाबाद की दो सीटें भी आती हैं। कांग्रेस ने 2004 और 2009 के लोकसभा चुनावों में इस क्षेत्र में अच्छा प्रदर्शन किया था। मध्य गुजरात की छह सीटों में वडोदरा और आदिवासी बहुल दाहोद, पंचमहल और छोटा उदयपुर सीट शामिल हैं। जबकि दक्षिण गुजरात क्षेत्र में पांच सीटें हैं, जिनमें सूरत, भरूच और नवसारी शामिल हैं। भाजपा का ध्यान भरुच पर होगा, जहां आम आदमी पार्टी कांग्रेस के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ रही है। अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली पार्टी ‘आप’ ने विधायक और उभरते आदिवासी नेता चैतर वसावा को भाजपा के मनसुख वसावा के खिलाफ मैदान में उतारा है। मनसुख वसावा इस सीट से कई बार सांसद रहे हैं। गुजरात भाजपा अध्यक्ष सी आर पाटिल नवसारी से चुनाव लड़ेंगे।

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article