इलेक्शन

Lok Sabha Election 2024: 'भ्रष्टाचार और कांग्रेस एक-दूसरे के पर्यायवाची, मध्य प्रदेश में जमकर बरसे अमित शाह

Lok Sabha Election 2024: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मध्य प्रदेश के दौरे के दौरान कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार और कांग्रेस को एक दुसरे का पर्यावाची है।

Image

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस पर जमकर साधा निशाना

Lok Sabha Election 2024: भारतीय जनता पार्टी के रणनीतिकार केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मध्य प्रदेश प्रवास के दौरान कांग्रेस पर जमकर हमला बोला और कहा कि कांग्रेस और भ्रष्टाचार एक-दूसरे के पर्यायवाची हैं। खजुराहो में आयोजित विजय संकल्प सम्मेलन में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने प्रदेशवासियों से आगामी लोकसभा चुनाव में सभी 29 सीटों पर भाजपा को जीत दिलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव देश को महाशक्ति बनाने का चुनाव है, देश को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने का चुनाव है। इसलिए, मध्य प्रदेश की सभी 29 सीटों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की झोली में डाल दें।

अमित शाह ने भाजपा के 10 साल के शासन काल का किया जिक्र

केंद्रीय गृह मंत्री ने कांग्रेस के 10 साल के शासनकाल की याद दिलाते हुए कहा कि कांग्रेस और भ्रष्टाचार एक दूसरे के पर्यायवाची हैं। कांग्रेस के कार्यकाल में अनेकों घोटाले हुए हैं - कॉमनवेल्थ घोटाला, कोल घोटाला आदि सभी को याद हैं। भाजपा के 10 साल के शासन काल का जिक्र करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि पार्टी ने जो वादे किए थे उन्हें पूरा किया है। अयोध्या में राम मंदिर बनाने की बात हो या कश्मीर से धारा 370 हटाने की या तीन तलाक का मामला।

शाह ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी हमेशा राम मंदिर को लेकर तंज कसते थे, और कहते थे 'तारीख नहीं बताएंगे'। लेकिन 22 जनवरी को अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा हो गई। केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में मध्य प्रदेश की 29 सीटों में से 27 भाजपा को मिली थी और 2019 के चुनाव में भाजपा को 28 सीटें मिलीं। लेकिन आगामी चुनाव में सभी 29 सीटों पर भाजपा को जीत मिले यह संकल्प लें। खजुराहो में आयोजित विजय संकल्प सम्मेलन में 23 हजार बूथ के कार्यकर्ताओं नें हिस्सा लिया। इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री ग्वालियर पहुंचे और वहां क्लस्टर के पार्टी पदाधिकारियों की बैठक की। इसके बाद वह खजुराहो के लिए रवाना हो गये। खजुराहो में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित तमाम नेता मौजूद रहे।

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article