Bengal Election Result: बंगाल विधानसभा चुनाव की मतगणना कल, सोमवार को होगी। इससे पहले बीजेपी और टीएमसी दोनों दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। कोलकाता में बीजेपी महिला कार्यकर्ता आज सभी विधानसभा क्षेत्रों के स्ट्रॉन्ग रूम के बाहर धरना देंगी।
इसके अलावा टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी ने भी अपने कार्यकर्ताओं को किसी भी हाल में काउंटिंग सेंटर न छोड़ने की अपील की है। सीएम ममता ने कार्यकर्ताओं को चेतावनी दी कि यह झूठ फैलाया जा सकता है कि तृणमूल कांग्रेस पीछे चल रही है, लेकिन ऐसी बातों को न मानें और न ही आगे बढ़ाएं। उन्होंने वोटिंग सेटर्स में लंबे समय तक मौजूद रहने वाले कार्यकर्ताओं को सलाह दी कि बाहर का खाना बिल्कुल न खाएं. उन्होंने हल्का और साधारण भोजन करने की बात कही। उन्होंने सादे खाने का भी जिक्र किया, ताकि किसी तरह की परेशानी से बचा जा सके।
ममता बनर्जी ने यह भी कहा कि सभी मतगणना एजेंट और कार्यकर्ता पार्टी नेतृत्व के अगले निर्देश तक मतगणना केंद्रों के अंदर ही बने रहें। किसी भी हालत में बीच में केंद्र छोड़कर बाहर न जाएं।
टीएमसी ने किया सेंटरों पर हंगामा
बता दें कि गुरुवार रात को तृणमूल कांग्रेस के मतगणना केंद्रों पर संदिग्ध गतिविधियों के आरोपों को लेकर सेंटरों पर हंगामा हुआ था। हालांकि पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल ने टीएमसी के आरोपों को पहले ही खारिज कर दिया था।
कोलकाता के नेताजी इंडोर स्टेडियम के पास बने स्ट्रॉन्ग रूम के बाहर भारी हंगामा हुआ। सीएम ममता बनर्जी खुद यहां पहुंची थीं। टीएमसी नेताओं ने आशंका जताई है कि स्ट्रॉन्ग रूम में कुछ गड़बड़ी की जा सकती है। वहीं बीजेपी कार्यकर्ता भी स्टेडियम पहुंचे थे। इस दौरान दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प की भी खबरें सामने आई थी।
टीएमसी ने क्या किया था दावा?
तृणमूल कांग्रेस के शशि पांजा और कुणाल घोष जैसे नेताओं ने आरोप लगाया है कि स्ट्रॉन्ग रूम को सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की गैरमौजूदगी में खोलने की कोशिश की गई। टीएमसी का दावा है कि अधिकारियों द्वारा पोस्टल बैलट को गलत तरीके से हैंडल किया जा रहा था और इस प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी है।
