Bihar SIR Row: बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) विवाद लगातार गहराता जा रहा है। इसे लेकर विपक्ष ने चुनाव आयोग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। यहां तक कि चुनाव बहिष्कार की बात भी होने लगी है। राष्ट्रीय जनता दल नेता तेजस्वी यादव ने गुरुवार को विशेष गहन पुनरीक्षण विवाद पर कहा कि हमारे पास बिहार विधानसभा चुनाव के बहिष्कार का विकल्प खुला है।
तेजस्वी का चुनाव आयोग पर निशाना
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ एनडीए इस प्रक्रिया के समर्थन में आया है, क्योंकि चुनाव आयोग सरकार के राजनीतिक टूल के रूप में काम कर रहा है। इस मुद्दे पर बिहार विधानसभा में विरोध प्रदर्शन कर तेजस्वी यादव ने कहा, जब सब कुछ तय हो ही गया है, बेईमानी करना ही है, वोटर लिस्ट से लाखों का नाम काट देना है, इन्हीं लाखों वोटरों ने मोदी जी को वोट दिया है, कई सरकारें चुनी हैं, तब ठीक था। अब अचानक से गड़बड़ कहां से हो गई। यही तो सवाल पूछा जा रहा है।
तेजस्वी ने कहा, जब बेईमानी करना है तो हम लोग चुनाव का बायकॉट करने पर विचार कर सकते हैं। जब लोकतंत्र में जनता ही वोट नहीं देगी, चंडीगढ़ जैसा तुम लोग काम करोगे, तो क्या मतलब रह जाएगा। हम इस पर गंभीर होकर चुनाव बहिष्कार कर सकते हैं। ये विकल्प हमारे पास खुला है।
