इलेक्शन

Lok Sabha Chunav: वो पूर्व प्रधानमंत्री, जिनके परिवार के तीन सदस्य लड़ रहे चुनाव; बेटा, दामाद और पोता...

  • Edited by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 5, 2024, 02:59 PM IST

Karnataka Lok Sabha Chunav: लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर कर्नाटक से जुड़ी कई दिलचस्प बातें सामने आ रही हैं। देश के पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवगौड़ा के परिवार के तीन सदस्य इस बार चुनावी मैदान में हैं। देवगौड़ा के बेटे एच डी कुमारस्वामी, दामाद सी एन मंजूनाथ और पोते प्रज्वल रेवन्ना मैदान में हैं।

Image

देवगौड़ा परिवार के तीनों सदस्य किस सीट से लड़ रहे हैं चुनाव?

Photo : Twitter

Election News: कर्नाटक में 26 अप्रैल को होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की सूची में एक उल्लेखनीय विशेषता जनता दल (सेक्युलर) संरक्षक एच डी देवगौड़ा के परिवार के सदस्यों की मौजूदगी है। पूर्व प्रधानमंत्री एवं जद (एस) के संरक्षक एच डी देवगौड़ा के बेटे एच डी कुमारस्वामी, दामाद सी एन मंजूनाथ और पोते प्रज्वल रेवन्ना मैदान में हैं।

परिवार के तीनों सदस्य किस सीट से लड़ रहे हैं चुनाव?

प्रदेश जद (एस) प्रमुख एवं कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री कुमारस्वामी मांड्या से चुनाव लड़ रहे हैं, वहीं प्रज्वल रेवन्ना हासन से फिर से चुनाव लड़ रहे हैं। गठबंधन सहयोगियों भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जद (एस) के बीच हुए सीट बंटवारे के तहत, प्रख्यात हृदय रोग विशेषज्ञ मंजूनाथ भाजपा के टिकट पर बेंगलुरु ग्रामीण से चुनाव लड़ रहे हैं। हृदय रोग विशेषज्ञ मंजूनाथ के चुनाव मैदान में उतरने से, गौड़ा के परिवार के कम से कम नौ सदस्य चुनावी राजनीति में हैं या रहे हैं।

निखिल को विधानसभा चुनाव 2023 में मिली थी हार

देवगौड़ा कर्नाटक से राज्यसभा सदस्य हैं, जबकि कुमारस्वामी चन्नापटना से विधायक हैं, जो बेंगलुरु ग्रामीण लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता है। कुमारस्वामी की पत्नी अनीता ने पिछली विधानसभा में विधायक के रूप में रामनगर का प्रतिनिधित्व किया था और जद (एस) युवा इकाई नेता निखिल ने मांड्या से 2019 का लोकसभा चुनाव और 2023 का विधानसभा चुनाव लड़ा था लेकिन हार गए थे।

होलेनारसीपुरा से विधायक हैं देवगौड़ा के बड़े बेटे रेवन्ना

देवगौड़ा के बड़े बेटे एवं पूर्व मंत्री एच डी रेवन्ना (प्रज्वल के पिता) होलेनारसीपुरा से विधायक हैं जबकि उनकी पत्नी भवानी रेवन्ना हासन जिला पंचायत की सदस्य थीं। उनके दूसरे बेटे सूरज एक एमएलसी हैं। देवगौड़ा परिवार का वर्तमान में जन प्रतिनिधियों के सभी चार प्रमुख सदनों- लोकसभा, राज्यसभा, विधानसभा और विधान परिषद में प्रतिनिधित्व है।

2019 में भी परिवार के तीन सदस्यों ने लड़ा था चुनाव

यह लोकसभा चुनाव में लगातार दूसरी बार होगा, जब देवगौड़ा के परिवार के तीन सदस्य पुराने-मैसूर क्षेत्र (दक्षिण कर्नाटक) के निर्वाचन क्षेत्रों से मैदान में हैं, जिसे पार्टी का गढ़ माना जाता है क्योंकि यहां वोक्कालिगा समुदाय का प्रभुत्व है, जिससे वे आते हैं। देवगौड़ा (तुमकुर), प्रज्वल रेवन्ना (हासन) और कुमारस्वामी के बेटे निखिल (मांड्या) ने 2019 में लोकसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन केवल रेवन्ना ही विजयी हुए थे।

वास्तव में, वह तत्कालीन कांग्रेस-जद(एस) गठबंधन के उन दो उम्मीदवारों में से थे, जो जीते थे। दूसरे विजयी उम्मीदवार बेंगलुरु ग्रामीण से कांग्रेस के डी के सुरेश थे। कर्नाटक में इस लोकसभा चुनाव में सीट बंटवारे के तहत, भाजपा 25 निर्वाचन क्षेत्रों में और जद (एस) शेष तीन - मांड्या, हासन और कोलार में चुनाव लड़ेगी। जद (एस) ने कोलार से एम मल्लेश बाबू को मैदान में उतारा है।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article