इलेक्शन

'पहले मतदान, फिर जलपान', पीएम मोदी ने मतदाताओं से की ये खास अपील

Jharkhand Assembly Election: झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए पहले चरण की वोटिंग जारी है। इसके अलावा 10 राज्यों की 31 विधानसभा सीटों के लिए उपचुनाव हो रहे हैं। वायनाड लोकसभा सीट के लिए भी मतदान हो रहा है। इस बीच पीएम मोदी ने मतदाताओं से अपील की है कि 'पहले मतदान, फिर जलपान'।

Image

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मतदाताओं से की अपील।

PM Modi appeals to Voters: झारखंड विधानसभा चुनाव (Jharkhand Assembly Election) के पहले चरण में 43 सीटों पर मतदान बुधवार सुबह सात बजे से शुरू हो गया है। इस अवसर पर पीएम मोदी ने मतदाताओं से पूरे उत्साह के साथ मतदान करने की अपील की है।

पहले मतदान, फिर जलपान; पीएम मोदी की अपील

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट में अपील की, 'झारखंड विधानसभा चुनाव में आज पहले दौर की वोटिंग है। सभी मतदाताओं से मेरा आग्रह है कि वे लोकतंत्र के इस उत्सव में पूरे उत्साह के साथ मतदान करें। इस मौके पर पहली बार वोट देने जा रहे अपने सभी युवा साथियों को मेरी बहुत-बहुत बधाई! याद रखें- पहले मतदान, फिर जलपान!'

ज्ञात हो कि झारखंड में पहले चरण के मतदान के लिए इन सीटों पर कुल मिलाकर 15 हजार 344 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। रांची के शहरी क्षेत्रों में स्थित कई बूथों पर सुबह छह बजे से ही वोटरों की लाइन लग गई है। इनमें महिलाओं और युवा वोटरों की खासी तादाद है।

मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी वोट डालने की अपील की

कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी एक्स पर पोस्ट में मतदाताओं से वोट डालने की अपील की। उन्होंने लिखा, 'झारखंड चुनाव के प्रथम चरण, वायनाड लोकसभा उपचुनाव व 10 राज्यों के 31 विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव के लिए मतदान आज शुरू हो गया है। सभी मतदाताओं से आग्रह है कि वो लोकतंत्र व संविधान को मजबूत व सशक्त बनाने के लिए अपना बहुमूल्य वोट ज़रूर डालें। झारखंड की जनता को सभी के सामाजिक न्याय, समावेशी विकास व सुशासन एवं जल, जंगल, जमीन व जनजातीय सभ्यता के संरक्षण के लिए वोट देना है, विभाजनकारी ताकतों को राज्य से दूर रखना है।'

उन्होंने आगे लिखा, 'ईवीएम पर बटन दबाने से पहले आपको सोचना है कि हमें केवल जन-जन का जुड़ाव व भागीदारी सुनिश्चित करने वाली सरकार बनानी है, जनता को बांटने वाली गुमराह करने वाली व ध्रुवीकरण करने वाली सरकार नहीं बनानी है, तभी संविधान के मूल्यों को हम बचा पाएंगे। जो हमारे साथी पहली बार मतदान कर रहें हैं, उनका हम स्वागत व अभिनंदन करते हैं। सोच-समझकर अपने अधिकारों का निर्वाह करें। मतदान जरूर करें और दूसरों को भी प्रेरित करें।'

Ayush Sinha
आयुष सिन्हाauthor

मैं टाइम्स नाउ नवभारत (Timesnowhindi.com) से जुड़ा हुआ हूं। कलम और कागज से लगाव तो बचपन से ही था, जो धीरे-धीरे आदत और जरूरत बन गई। मुख्य धारा की पत्रकारिता से जुड़े हुए 10 साल पूरे हो चुके हैं। लोकसभा चुनाव 2014 से पहले ही मैंने पत्रकारिता की पढ़ाई के बीच में ही देश की राजधानी दिल्ली आने की ठान ली थी। उससे पहले मैंने कभी ये सोचा तक नहीं था कि मैं बनारस बोले तो वाराणसी शहर से बाहर भी जा सकता हूं। जी हां, मेरा नाता काशी से है। जन्म के साथ-साथ शिक्षा दीक्षा भी बनारस में ही हुई। राष्ट्रपिता मोहनदास करमचंद गांधी (बापू) द्वारा स्थापित किए गए विश्वविद्यालय- 'महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ' से मैंने पत्रकारिता में स्नातक किया है। ग्रेजुएशन के दौरान ही विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यापकों ने बड़ी ही सख्ती से मेरी नक्काशी करने की कोशिश की। ग्रेजुएशन के आखिरी वर्ष आते-आते मैंने दिल्ली की ट्रेन पकड़ी और यहां पहुंच गया। आव देखा न ताव, दिल्ली NCR में बड़े-बड़े मीडिया समूहों के दफ्तरों के बाहर अपना बायोडेटा डाल कर प्रयास में जुट गया। काफी धैर्य के बाद ZEE मीडिया समूह से जुड़ने का मौका मिला। मेरे पत्रकारिता के सफर की शुरुआत टेलीविजन के इनपुट डिपार्टमेंट से हुई। यहां मैं असाइनमेंट डेस्क पर था। कुछ महीनों तक खुद को इस समूह के साथ जोड़े रखने के बाद वर्ष 2015 में मैंने प्रिंट मीडिया का रुख कर लिया और ALL RIGHTS नाम की मैगज़ीन के साथ जुड़ गया। बतौर विशेष संवाददाता (Special Correspondent) मेरे कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई थी। मैं उन दिनों देशभर के अलग-अलग लोकसभा क्षेत्र के सांसदों, केंद्रीय मंत्रियों और दिल्ली सरकार के विधायकों और मंत्रियों का साक्षात्कार करता था। मैगज़ीन के संपादकीय पृष्ठ के लिए मैं लेख भी लिखता था। राजनीतिक खबरों से लगाव होने के चलते मैंने इस बीट को ही अपना हमसाया बना लिया। मैगजीन के बाद फिर टेलीविजन का रुख किया और इसी साल दोबारा ज़ी मीडिया से जुड़ गया। यहां साढ़े 3 सालों तक काम करने के बाद मैंने डिजिटल मीडिया में कदम रखने की ठान ली। रिपब्लिक भारत की लॉन्चिंग से पहले मुझे इसकी वेबसाइट से जुड़ने का मौका मिला। रिपब्लिक से जुड़ने के साथ ही मैंने दिल्ली छोड़कर मुंबई का रुख कर लिया। समंदर किनारे बसे इस शहर में मैंने डिजिटल पत्रकारिता के गुर को सीखा। इस संस्थान में मुझे रिपोर्टर के तौर पर मौका दिया था। कुछ ही महीने बाद मैं वापस दिल्ली आ गया और मैंने न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया में एसोसिएट प्रोड्यूसर और रिपोर्टर की भूमिका में काम किया। चंद महीने बाद ही ज़ी मीडिया समूह के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काम करने का अवसर मिला। ज़ी हिन्दुस्तान के लिए मैंने स्पेशल खबरों पर काम किया और इस समूह का पहला डिजिटल रिपोर्टर बन गया। इसके बाद मुझे वीडियो सेक्शन का हेड बना दिया गया। मैंने चुनावी कवरेज की, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और साथ ही साथ वीडियो सेक्शन को नए शिखर पर पहुंचाने की कोशिश की। मैं कविताएं और किस्से-कहानियां भी लिखता रहता हूं। पढ़ाई के दौरान ही मैंने दो किताबें भी लिखी, एक नॉवेल और दूसरी पोएट्री बुक। पत्रकारिता में रहते हुए मैंने कई "स्टिंग ऑपरेशन" भी किए। मेरे सफर को और भी खूबसूरत बनाने के लिए टाइम्स समूह ने मुझे मौका दिया। मैं जुलाई, 2023 में इस संस्थान से जुड़ा और मुझे मेन डेस्क पर खबरों से दो-चार होते रहने की जिम्मेदारी सौंपी गई। राजनीतिक विश्लेषण के साथ विस्तार से खबरों को परोसता हूं और अपने पाठकों को कुछ नया देने का प्रयास करता हूं।

और पढ़ें
End of Article