इलेक्शन

भारत के पड़ोसी देश असम को तोड़ना चाहते थे, लेकिन मोदी सरकार ने उनके इरादों को किया चकनाचूर, बोले फडणवीस

जोरहाट से भाजपा के उम्मीदवार हितेंद्र नाथ गोस्वामी के समर्थन में आयोजित रैली को संबोधित करते हुए फडणवीस ने दावा किया कि कांग्रेस शासन के दौरान असम में घुसपैठ चरम पर थी।

Image

सीएम फडणवीस ने असम में की रैली (फाइल फोटो)

Photo : PTI

Fadnavis in Assam: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को कहा कि असम में भारतीय जनता पार्टी नीत सरकार ने न सिर्फ राज्य का विकास सुनिश्चित किया है बल्कि उसकी पहचान, संस्कृति और परंपरा की भी रक्षा की है। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसने असम और पूरे पूर्वोत्तर क्षेत्र के प्रति सौतेला रवैया अपनाया, इसी कारण यह क्षेत्र लंबे समय तक विकास से वंचित रहा। साथ ही कहा कि भारत के पड़ोसी देश असम को तोड़ना चाहते थे, लेकिन मोदी सरकार ने उनके सपनों को चकनाचूर कर दिया, बोल फडणवीसजोरहाट से भाजपा के उम्मीदवार हितेंद्र नाथ गोस्वामी के समर्थन में आयोजित रैली को संबोधित करते हुए फडणवीस ने दावा किया कि कांग्रेस शासन के दौरान असम में घुसपैठ चरम पर थी।

जनसांख्यिकीय बदलाव का खतरा पैदा हुआ, बोले फडणवीस

उन्होंने कहा, लोगों को इसके खिलाफ आंदोलन करना पड़ा और कई लोग शहीद हुए, लेकिन घुसपैठ नहीं रुकी और राज्य अशांति की आग में झुलसता रहा। स्थिति ऐसी हो गई थी कि जनसांख्यिकीय बदलाव का खतरा पैदा हो गया। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सत्ता में आने के बाद हालात बदले हैं। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ने कहा कि घुसपैठ पर रोक लगी है और राज्य के लगभग सभी उग्रवादी समूह मुख्यधारा में लौट रहे हैं।

उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस सत्ता में रहती, तो राज्य की जनसांख्यिकी बदल जाती और असम का इतिहास भी बदल सकता था। फडणवीस ने कहा कि मोदी सरकार केवल विकास ही नहीं करती, बल्कि राज्य की पहचान, संस्कृति, इतिहास और परंपरा की भी रक्षा करती है। उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने राज्य में बड़े पैमाने पर बुनियादी ढांचे का विकास किया है। जागीरोड में टाटा समूह की सेमीकंडक्टर इकाई का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, "यह मोदी जी की असम को दी गई सौगात है, जो राज्य को वैश्विक मानचित्र पर स्थापित करेगी।

कहा- कांग्रेस ने हमेशा पूर्वोत्तर के प्रति सौतेला रवैया अपनाया

उन्होंने कहा कि सेमीकंडक्टर निर्माण की क्षमता रखने वाले देश भविष्य में वैश्विक नेतृत्व करेंगे और भारत अब ऐसे चुनिंदा देशों में शामिल हो गया है। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए फडणवीस ने आरोप लगाया कि उसने हमेशा पूर्वोत्तर के प्रति सौतेला रवैया अपनाया, इसी वजह से यह क्षेत्र अशांति से जूझता रहा। उन्होंने पश्चिम एशिया संकट के दौरान कांग्रेस के राष्ट्र-विरोधी रुख की भी आलोचना की और आरोप लगाया कि वह एलपीजी व ईंधन की उपलब्धता को लेकर लोगों में भ्रम फैलाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा, हम भी विपक्ष में रहे हैं, लेकिन हमने कभी इस तरह का शर्मनाक आचरण नहीं किया।

जोरहाट से कांग्रेस उम्मीदवार गौरव गोगोई पर कटाक्ष करते हुए फडणवीस ने कहा, जो लोग लोकसभा में हैं, उन्हें वहीं रहना चाहिए। भाजपा फिर सत्ता में आएगी और उनके लिए यहां कोई भूमिका नहीं बचेगी। गोगोई लोकसभा में कांग्रेस के उपनेता भी हैं।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article