बिहार विधानसभा चुनाव के लिए इंडिया’ गठबंधन का चुनाव घोषणापत्र जारी हो गया है। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्वी प्रसाद यादव ने मंगलवार को कहा कि यह घोषणापत्र बिहार को देश का नंबर एक राज्य बनाने वाला विजन दस्तावेज साबित होगा। विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) का चुनाव घोषणापत्र जारी किया गया। इससे पहले तेजस्वी ने कहा कि हमारे पास बिहार के विकास के लिए स्पष्ट विजन और रोडमैप है। इसे ‘तेजस्वी प्रण पत्र’ भी कहा जा सकता है। आइये जानते हैं कि पत्र में क्या-क्या शामिल है?
महागठबंधन के घोषणापत्र में सभी अल्पसंख्यक समुदायों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा की बात की गई है। वक्फ संशोधन विधेयक को स्थगित करने और वक्फ संपत्तियों के प्रबंधन को पारदर्शी बनाकर उसे और अधिक कल्याणकारी और लाभकारी बनाये जाने का वादा किया गया है। इसके अलावा बोधगया स्थित बौद्ध मंदिरों का प्रबंधन बौद्ध समुदाय के लोगों को सौंपे जाने की बात कही जा रही है।
किसानों को एमएसपी का मिलेगा लाभ
महागठबंधन ने अपने 'तेजस्वी प्रण पत्र' में किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य पर सभी फसलों की खरीद की गारंटी देने और मंडी एवं बाज़ार समितियों को पुनर्जीवित करने का संकल्प लिया गया है। वादे में संभाग, अनुमंडल और ब्लॉक स्तर पर मंडियां खोलने औप एपीएमसी अधिनियम को बहाल करने को कहा गया है।
25 लाख रुपये तक का निःशुल्क स्वास्थ्य बीमा
'तेजस्वी प्रण पत्र' के मुताबिक, जन स्वास्थ्य सुरक्षा योजना के तहत प्रत्येक व्यक्ति को 25 लाख रुपये तक का निःशुल्क स्वास्थ्य बीमा प्रदान किया जाएगा। जनसंख्या के अनुपात में 50% आरक्षण की सीमा बढ़ाने के लिए विधानमंडल द्वारा पारित एक कानून को संविधान की नौवीं अनुसूची में शामिल करने के लिए केंद्र सरकार को भेजा जाएगा।
इन्हें मिलेगा आरक्षण
पंचायत और नगर निकायों में अति पिछड़े वर्गों के लिए वर्तमान 20% आरक्षण को बढ़ाकर 30% किया जाएगा। अनुसूचित जातियों (एससी) के लिए यह सीमा 16% से बढ़ाकर 20% की जाएगी, और अनुसूचित जनजातियों (एसटी) के लिए आरक्षण में भी आनुपातिक वृद्धि सुनिश्चित की जाएगी।
NDA करती है हमारे घोषणा पत्र की नकल
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि हमने चुनाव से पहले ही मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार की घोषणा कर दी... हम आज अपना घोषणापत्र जारी करने जा रहे हैं। राजग की पार्टियों का क्या? उन्होंने न तो अपने मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार की घोषणा की है और न ही घोषणापत्र जारी किया। वे तो हमारे वादों की नकल करते हैं।
तेजस्वी ने यह भी आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बिहार के लिए कोई रचनात्मक कार्य नहीं किया। ‘इंडिया’ गठबंधन की ओर से बिहार के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी ने कहा, “प्रधानमंत्री जब भी बिहार आते हैं... विपक्ष के नेताओं को कोसते हैं और नकारात्मक राजनीति को बढ़ावा देते हैं। बिहार की 243 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव दो चरणों में छह और 11 नवंबर को होंगे तथा परिणाम 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।
