इलेक्शन

ओडिशा के पांच लाख लोगों को कराई जाएगी राम मंदिर की मुफ्त तीर्थयात्रा, असम के सीएम हिमंत ने किया वादा; रखी ये शर्त

BJP Plan for Odisha: हिमंत बिस्वा सरमा ने वादा किया है कि अगर भाजपा सत्ता में आई तो ओडिशा के पांच लाख लोगों को राम मंदिर की मुफ्त तीर्थयात्रा कराएंगे। सरमा ने जोर देकर कहा, 'युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है, प्रश्नपत्र लीक हो रहे हैं। अगर भाजपा की सरकार बनती है तो हम मेरिट के आधार पर तीन लाख युवाओं को रोजगार देंगे।'

Image

हिमंत बिस्वा सरमा ने किया ओडिशा से बड़ा वादा।

Photo : Times Now Digital

Odisha Election: असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि अगर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ओडिशा की सत्ता में आती है तो राज्य के पांच लाख लोगों को अयोध्या के राम मंदिर की मुफ्त तीर्थयात्रा कराई जाएगी। भाजपा के वरिष्ठ नेता ने यहां कालीमेला में एक रैली को संबोधित करते हुए सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) पर मलकानगिरी जिले में गांवों के नाम संख्याओं पर रखने के लिए निशाना साधा।

'अगर ओडिशा की सत्ता में आएगी भाजपा...'

सीएम सरमा ने कहा, 'असम में मैंने एक लाख लोगों को अयोध्या ले जाने का फैसला किया और इसका पूरा खर्च राज्य सरकार उठाएगी। ओडिशा, असम से बड़ा राज्य है इसलिए पांच लाख लोगों को यह सुविधा मिलनी चाहिए। अगर भाजपा ओडिशा की सत्ता में आती है तो पार्टी का मुख्यमंत्री इस तीर्थयात्रा की सुविधा देगा।'

बांग्ला शिक्षकों की भी की जाएगी नियुक्ति

हिमंत बिस्वा सरमा ने मलकानगिरी जिले में बड़ी संख्या में बांग्ला भाषी आबादी से जुड़ने की भी कोशिश की और लोगों को आश्वासन दिया कि अन्य वादों के साथ-साथ बांग्ला शिक्षकों की नियुक्ति भी की जाएगी। वर्ष 1971 के बांग्लादेश युद्ध के बाद मलकानगिरी जिले में लगभग एक लाख बांग्ला भाषी लोगों का पुनर्वास किया गया था। असम के मुख्यमंत्री ने जिले में गांव के नाम एमवी-82 और एमवी-83 आदि रखने पर कहा, 'जेल में कैदियों को ही इस तरह से बुलाया जाता है लेकिन यहां गांवों के नाम संख्याओं पर रखे गये हैं। यह लोगों का अपमान है।'

'तीन लाख युवाओं को देंगे रोजगार'

सरमा ने कहा, 'बांग्ला शिक्षकों की नियुक्ति और इन गांवों के नाम बदलना भाजपा की गारंटी है।' उन्होंने ओडिशा के युवाओं को रोजगार देने में विफल रहने के लिए भी बीजद सरकार की आलोचना की। सरमा ने जोर देकर कहा, 'युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है, प्रश्नपत्र लीक हो रहे हैं। अगर भाजपा की सरकार बनती है तो हम मेरिट के आधार पर तीन लाख युवाओं को रोजगार देंगे।'

Times Now Navbharat Digital
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article