Narendra Modi : पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश में मतदान की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे नेता एक-दूसरे पर तीखे हमले बोल रहे हैं। बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल प्रदेश में दो चुनावी रैलियों को संबोधित किया। सुजानपुर में अपनी दूसरी चुनावी सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि इस पार्टी का जहां गढ़ हुआ करता था वहां भी यह सत्ता में नहीं है। उन्होंने कहा, 'कांग्रेस की हालत दिनों-दिनों खराब होती जा रही है। जो इलाके इसके गढ़ थे वहां से भी यह पूरी तरह से साफ हो गई है। झूठे वादे एवं झूठी गारंटी का कांग्रेस का इतिहास रहा है।'
हिमाचल में एक चरण में 12 नवंबर को होगा मतदान
हिमाचल प्रदेश में एक चरण में 12 नवंबर को मतदान होगा और चुनाव नतीजे 8 दिसंबर को आएंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस पर अपने शासन के दौरान लोगों को धोखा देने का आरोप लगाया। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस के इस झूठ एवं दगाबाजी का सबसे बड़ा कष्ट हिमाचल प्रदेश के लोगों ने सहा। जबकि भारतीय जनता पार्टी ने राज्य के लोगों के दरवाजे तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाईं। हिमाचल प्रदेश के लोग अब कांग्रेस की असलियत जान चुके हैं। कांग्रेस को लगता है कि यहां के लोग पंचवर्षीय फॉर्मूले के तहत एक बार फिर उसे मौका देंगे। यही वजह है कि कांग्रेस के नेता हिमाचल और यहां के लोगों की परवाह नहीं करते।
आज हिमाचल एवं देश के लोग भाजपा में विश्वास करते हैं-पीएम
पीएम ने कहा कि जिन इलाकों में भाजपा को कमजोर समझा जाता था, अब पार्टी वहां अच्छा प्रदर्शन कर कर रही है। प्रधानमंत्री ने कहा, 'आज हिमाचल प्रदेश एवं देश के लोग भाजपा में विश्वास करते हैं। लोगों का यह विश्वास भाजपा को मजबूत बना रहा है। दो तीन दिन पहले उपचुनावों के रिजल्ट आए उनसे भी यही संकेत मिलता है कि जिन इलाकों में भाजपा कमजोर हुआ करती थी अब वहां पर कमल खिलने लगा है।' सुजानपुर में सेना के पूर्व जवानों ने प्रधानमंत्री का विशेष रूप से स्वागत किया।
