इलेक्शन

गुजरात में यूपी CM की हुंकार: बोले 'दिल्ली का नमूना' झाड़ू मार झाड़ ले जाएगा सब; कांग्रेस पर यूं किया प्रहार

  • Edited by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Nov 29, 2022, 08:43 PM IST

Gujarat Assembly Elections 2022: दरअसल, गुजरात विधानसभा चुनाव के पहले चरण का प्रचार मंगलवार को थम गया। वहां एक और पांच दिसंबर को चुनाव होने हैं। गुजरात की जनता के बीच फायर ब्रांड नेता और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मांग सबसे अधिक रही। योगी आदित्यनाथ मंगलवार को वहां पांचवें दिन रण में उतरे। उन्होंने चार विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्याशियों के लिए वोट मांगा।

Image

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। (फाइल)

Photo : IANS

Gujarat Assembly Elections 2022: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुजरात में विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी की ओर से प्रचार में अपनी एड़ी चोटी का जोर लगाया। पांचवें दिन भी चार विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्याशियों के लिए उन्होंने वोट मांगे और इस दौरान उन्होंने गुजरात, यूपी और देश में भाजपा सरकारों के कामों को गिनाया और कांग्रेस की नाकामियों की हुंकार जनता से भराई। सीएम योगी ने पूछा कि जब कांग्रेस हर मुद्दे पर नाकाम है तो क्या आप उनके हाथ का साथ चाहेंगे? जन सभाओं से इस प्रश्न पर एक ही आवाज आई- नहीं। उन्होंने इसके अलावा आप पर भी तंज कसा। बोले कि आप का नमूना (केजरीवाल) झाड़ू मारकर सब झाड़ ले जाएगा। इससे सावधान रहिए। मंगलवार को योगी लूणावाड़ा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्य़ाशी जिग्नेश भाई सेवक और बालासिनोर से मान सिंह चौहान के पक्ष में वोट मांगने उतरे थे। सबसे पहले उन्होंने विद्वानों की धरती और छोटी काशी लूणावाड़ा को जयश्री राम किया। कहा कि पीएम मोदी की कर्मभूमि काशी उत्तर प्रदेश से देश की छोटी काशी के रूप में विख्यात लूणावाड़ा में आपको अभिनंदन करता हूं। सीएम योगी के इस वाक्य ने स्थानीय लोगों को उनसे जोड़ा।

सीएम के मुताबिक, भारत दुनिया की बड़ी ताकत बन रहा है। 2014 के पहले कांग्रेस ने देश में अविश्वास, अराजकता, भ्रष्टाचार फैलाया था। जनमानस को शासन-प्रशासन पर विश्वास नहीं रह गया था, ऐसे में सदैव संकट के साथी रहे गुजरात ने नरेंद्र मोदी को दिल्ली भेजकर राजनीति को नई पहचान दी। 20 साल पहले गुजरात में व्यवसाय व धार्मिक कार्यक्रम नहीं हो पाते थे, नौजवान रोजगार के लिए तरस रहा था पर सीएम मोदी के नेतृत्व में सरकार बनते ही गुजरात का नया मॉडल बना। कांग्रेस दंगाइयों को प्रश्रय देने वाली पार्टी है। भाजपा 135 करोड़ लोगों को परिवार मानती है, जबकि कांग्रेस अपने कुनबे को ही परिवार मानती है। आज नर्मदा का पानी हर घर-गांव तक पहुंचाया गया। गुजरात में फिर सरकार आने पर आयुष्मान भारत की राशि 5 लाख से बढ़ाकर 10 लाख कर फ्री स्वास्थ्य बीमा दिलाया जाएगा। निराश्रित पेंशन में वृद्धि की बात हुई है। डबल इंजन की सरकार आपके हित में कार्य कर रही है।

उमेरठ विधानसभा क्षेत्र में सीएम योगी आदित्यनाथ ने भाजपा प्रत्याशी गोविंद भाई परमार के लिए रैली की। सीएम ने कहा कि गुजरात में जो जिस भाव से कार्य किया, उतना ही पूज्य हो गया। यह धरा आणंद को कर्मभूमि बनाने वाले सरदार पटेल की है। वे वर्तमान भारत के शिल्पी हैं। 563 रियासतों को भारतीय गणराज्य में मिलाना सामान्य बात नहीं थी। सरदार पटेल की दृढ़ इच्छाशक्ति के सामने जूनागढ़ व हैदराबाद के नवाब को घुटना टेकना पड़ा था। यह तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू को आंख दिखा चुके थे। दोनों नवाबों ने कहा कि हम स्वतंत्र अस्तित्व बनाएंगे अन्यथा पाकिस्तान के साथ जाएंगे। सरदार पटेल ने कहा कि ठीक है, मैं वहीं आता हूं। सरदार पटेल के आने के पहले ही जूनागढ़ का नवाब इतना तेजी से भागा कि अपने बच्चे और बीवी को यहीं भूल गया। उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति का कमाल है कि जूनागढ़ और हैदराबाद भी आज अखंड भारत का हिस्सा बना है।

सीएम ने कहा कि दिल्ली से आए नमूने से सावधान रहिए। वह झाडू़ के नाम पर सब झाड़ कर ले जाएगा। कांग्रेस की राष्ट्रभक्ति पर सवाल उठाते हुए बताया कि भारत जोड़ो यात्रा में राष्ट्रगान के मंच पर फिल्मी गीत चलता है। कांग्रेस देश की सुरक्षा में सेंध लगाती है। यह सैनिकों, शहीदों का अपमान करने वाली पार्टी है। कांग्रेस देश की समृद्धि पर बैरियर लगाती है, जबकि भाजपा सुरक्षा, समृद्धि, विकास, लोककल्याण की गारंटी है। भाजपा गुजरात विधानसभा चुनाव जीत रही है, लेकिन सातवीं बार हर सीट पर छक्का लगाकर जानदार-शानदार जीत होनी चाहिए।सीएम ने कहा कि अयोध्या को सुंदरतम रूप में सजाने-संवारने का कार्य हो रहा है। अब यूपी में दंगे नहीं होते। पहले रोज दंगे होते थे। बुलडोजर अब सिर्फ सड़क का ही निर्माण नहीं करता, माफिया की छाती को रौंदकर उनकी संपत्तियों को जब्त कर गरीबों के लिए आवास व बालिकाओं के लिए ट्रेनिंग सेंटर भी बनाता है।

दभोई विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के शैलेश भाई मेहता के लिए वोट मांगते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मान्यता है कि इस नगरी की स्थापना 5 हजार वर्ष पहले हुई थी। उससे भी पहले महर्षि विश्वामित्र ने यहां साधना की थी और यहीं के बगल में विश्वामित्री नदी भी बहती है। महर्षि विश्वामित्र की साधना स्थली यूपी के वाराणसी के पास गाजीपुर में है। गुजरात की माटी की देन है कि भारत वैश्विक स्तर पर समृद्धि को छू रहा। सीएम ने वार करते हुए कहा कि कांग्रेस व आम आदमी पार्टी सुरक्षा के लिए खतरा हैं। यूपी में कांग्रेस के पास दो विधायक हैं और आप के शून्य। आजादी के समय बापू ने कांग्रेस के विसर्जन की बात कही थी। अब उसे पूरा करने का समय आ गया है। भाजपा आ रही है इसमें कोई संदेह नहीं है, यदि होता तो दिल्ली से भाई-बहन की जोड़ी नमाज की तर्ज पर यहां पूजा करने मंदिर-मंदिर भटक रहे होते, इसलिए यह जोड़ी नहीं दिख रही। भाजपा के लिए सेवा ही संगठन है। कोरोना काल में जान को जोखिम में डालकर भाजपा का कार्यकर्ता जनता की सेवा में लगा था। कांग्रेस गायब थी। उस समय दिल्ली में आप की सरकार थी, उसने लोगों को भगा दिया। पानी के पाइप और बिजली के कनेक्शन काट दिए गए, राशन नहीं दिए गए। जादू कभी वास्तविक नहीं होता, इसलिए भ्रम में नहीं पड़ना चाहिए।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article