लोकसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी ने बसपा को बड़ा झटका दे दिया है। बसपा के वरिष्ठ नेता पूर्व विधायक शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली बुधवार को समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए हैं। अखिलेश यादव ने गुड्डू जमाली को सपा ज्वाइन करवाया।
आजमगढ़ में सपा का मजबूत होगा समीकरण
गुड्डू जमीली के सपा में आने से समाजवादी पार्टी के लिए आजमगढ़ सीट पर समीकरण और मजबूत हो जाएगा। आजमगढ़ की मुबारकपुर सीट से दो बार बसपा विधायक (2012 और 2017) रह चुके जमाली की जिले में अच्छी पकड़ मानी जाती है। जमाली ने 2014 और 2022 का लोकसभा उपचुनाव क्रमशः सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव और धर्मेंद्र यादव के खिलाफ बसपा के टिकट पर लड़ा था। वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में भी जमाली को 2.66 लाख से ज्यादा वोट मिले थे और वह तीसरे स्थान पर रहे थे, जबकि सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव को 3,40306 वोट मिले थे और उन्होंने सीट जीती थी।
आजमगढ़ से अखिलेश उतर सकते हैं मैदान में
सपा ने अभी तक आजमगढ़ सीट पर कोई उम्मीदवार घोषित नहीं किया है। धर्मेंद्र यादव को इस सीट और कन्नौज सीट का प्रभारी बनाया है। अटकलें है कि आजमगढ़ से सपा प्रमुख अखिलेश यादव खुद चुनाव लड़ सकते हैं। यही कारण है कि समाजवादी पार्टी इस सीट को मजबूत करने में जुटी है।
क्या बोले अखिलेश यादव
सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कहा कि 2021 में विधानसभा चुनाव के पहले शाह आलम आए थे। लेकिन किसी कारण से हमारा इनका साथ नहीं हो पाया था। अब 2024 की जब बड़ी लड़ाई लड़ने जा रहे हैं, ऐसे में हमने जमाली साहब को बुलाया है। जिस प्रकार वह पहली पार्टी मे थे, उसी सम्मान से यहां रहेंगे।
