Ghatsila By Poll Result 2025 (घाटशिला उपचुनाव): घाटशिला उपचुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा के सोमेश चंद्र सोरेन की भारी मतों से जीत हुई है। यहां कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना हुई। 11 नवंबर को हुए उपचुनाव में 74.63 प्रतिशत मतदान हुआ था। इस सीट पर कुल 13 उम्मीदवार मैदान में थे, लेकिन मुख्य मुकाबला झामुमो के सोमेश चंद्र सोरेन और भाजपा के बाबूलाल सोरेन के बीच था, जो पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के पुत्र हैं। सोमेश झामुमो विधायक रामदास सोरेन के पुत्र हैं, जिनके 15 अगस्त को निधन के कारण यह उपचुनाव कराना पड़ा था। ये कहना भी गलत नहीं होगा कि मुकाबला एकतरफा रहा। सोमेश चंद्र सोरेन शुरुआती रुझानों से घाटशिला विधानसभा सीट पर बढ़त बनाए रखे।
सोमेश चंद्र को कुल कितने वोट मिले?
झारखंड मुक्ति मोर्चा के सोमेश चंद्र सोरेन की 38601 वोटों से जीत हुई है। उन्हें कुल 104936 वोट मिले। वहीं, दूसरी ओर भाजपा के बाबूलाल सोरेन को 66335 वोट मिले। बता दें कि सोमेश चंद्र सोरेन लगातार आगे चल रहे थे। 10 वें राउंड के बाद सोमेश चंद्र ने भारी मतों से खुद को आगे कर लिया था। सीट पर कुल 20 राउंड की वोटिंग हुई। उन्होंने लड़ाई में भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन को पहले ही काफी पीछे छोड़ दिया था।
अधिकारियों के अनुसार, झारखंड के घाटशिला निर्वाचन क्षेत्र में 2.56 लाख मतदाता रहे, जिनमें 1.31 लाख महिला मतदाता हैं। उपचुनाव के लिए कुल 231 स्थानों पर 300 मतदान केंद्र बनाए गए थे।
प्रतिष्ठा की लड़ाई
यह उपचुनाव सत्तारूढ़ झामुमो और भाजपा दोनों के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई बन गया है। हालांकि चुनाव परिणाम का हेमंत सोरेन सरकार पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ेगा। 81 सदस्यीय राज्य विधानसभा में झामुमो के नेतृत्व वाले सत्तारूढ़ गठबंधन के पास वर्तमान में 55 विधायक हैं, जबकि भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए के पास 24 विधायक हैं। घाटशिला उपचुनाव में झामुमो और भाजपा दोनों ही अपने-अपने उम्मीदवारों की जीत को लेकर आश्वस्त हैं।
