इलेक्शन

बंगाल चुनाव से पहले पूर्व फुटबॉलर भट्टाचार्या भाजपा में हुए शामिल, बोले- लंबे समय से पार्टी का समर्थक हूं

West Bengal Assembly Election 2026: पश्चिम बंगाल में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय फुटबॉल टीम के गोलकीपर रहे अरिंदम भट्टाचार्या ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली है।

Image

पूर्व फुटबॉलर भट्टाचार्या भाजपा में हुए शामिल

West Bengal Assembly Election 2026: पश्चिम बंगाल में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय फुटबॉल टीम के गोलकीपर रहे अरिंदम भट्टाचार्या ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सदस्यता ग्रहण कर ली है। अरिंदम ने पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष सौमिक भट्टाचार्या के उपस्थिति में पार्टी की सदस्यता ली।

अरिंदम भट्टाचार्या ने आईएएनएस के साथ खास बातचीत में कहा, ''मैं भारतीय जनता पार्टी का लंबे समय से समर्थक रहा हूं। फुटबॉल की वजह से मुझे पार्टी की सदस्यता लेने और इसके लिए काम करने का समय नहीं मिल रहा था। मैंने अब फुटबॉल से संन्यास ले लिया है, इसलिए पार्टी ज्वाइन कर ली।''

'बंगाल में फुटबॉल की दशा हुई खराब'

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में परिवर्तन की लहर है। पिछले 15 साल में बंगाल में फुटबॉल की दशा खराब हुई है। उसमें सुधार के लिए बेहतरीन फुटबॉलर रहे अरिंदम भट्टाचार्या ने भाजपा का दामन थामा है। हम उनका स्वागत करते हैं। आगामी विधानसभा चुनाव में वह प्रमुखता से आगे रहेंगे। यह राज्य के फुटबॉलरों के साथ-साथ हर वर्ग के लोगों को पार्टी के साथ जोड़ने का काम करेंगे।

उन्होंने कहा कि समाज के हर वर्ग के लोग पश्चिम बंगाल की तृणमूल कांग्रेस की सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए भाजपा से जुड़ना चाहते हैं, जुड़ रहे हैं। पिछले 15 साल से तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ता रहे, लेकिन खुद को भ्रष्टाचार से दूर रखने वाले लोग भी भाजपा से जुड़ना चाहते हैं।

बंगाल में कब होगा मतदान?

समाचार एजेंसी आईएएनएस के मुताबिक, पश्चिम बंगाल में 294 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव दो चरणों में होना है। पहले चरण में 152 सीटों के लिए 23 अप्रैल को चुनाव होना है। दूसरे चरण में 142 सीटों के लिए चुनाव 29 अप्रैल को होगा। चुनाव परिणाम 4 मई को आएगा। पश्चिम बंगाल की राजनीति में कई खिलाड़ी सक्रिय हैं। इनमें भारतीय टीम के पूर्व बल्लेबाज मनोज तिवारी, पूर्व तेज गेंदबाज अशोक डिंडा और एथलेटिक्स का बड़ा नाम स्वप्न बर्मन प्रमुख है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article