इलेक्शन

Voting Date Change: लोकसभा चुनाव के लिए इस सीट पर बदल गई मतदान की तारीख, अब छठे चरण में होगी वोटिंग

Voting Date Change: निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को जम्मू-कश्मीर की अनंतनाग-राजौरी सीट पर लोकसभा चुनाव के लिए मतदान 7 मई से बदलकर 25 मई कर दिया।

Image

अनंतनाग-राजौरी लोकसभा क्षेत्र पर मतदान की तारीख में बदलाव

Photo : PTI
KEY HIGHLIGHTS
  • जम्मू-कश्मीर की अनंतनाग-राजौरी सीट पर मतदान की तारीख बदली।
  • कई पार्टियों ने खराब मौसम के कारण वोटिंग की तारीख बदलने की मांग की थी।
  • अनंतनाग-राजौरी लोकसभा क्षेत्र पर मतदान छठे चरण में होगा।

Voting Date Change: लोकसभा चुनाव 2024 के लिए एक सीट पर मतदान की तारीखों में चुनाव आयोग ने बदलाव किया है। चुनाव आयोग ने अनंतनाग-राजौरी लोकसभा क्षेत्र पर मतदान की तारीख में बदलाव किया है। अब अनंतनाग-राजौरी लोकसभा क्षेत्र पर मतदान छठे चरण में होगा।

अब 25 मई को मतदान

निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को जम्मू-कश्मीर की अनंतनाग-राजौरी सीट पर लोकसभा चुनाव के लिए मतदान 7 मई से बदलकर 25 मई कर दिया। एक अधिसूचना में चुनाव आयोग ने कहा उसे चुनाव की तारीखों को बदलने के लिए विभिन्न राजनीतिक दलों से अनुरोध मिले हैं। आयोग ने जम्मू-कश्मीर प्रशासन से उस क्षेत्र में सड़कों की स्थिति, मौसम के हालात और कनेक्टिविटी पर तुरंत एक विस्तृत रिपोर्ट देने को कहा था। इस क्षेत्र में दक्षिण कश्मीर के कुछ हिस्से और जम्मू क्षेत्र में पुंछ और राजौरी के इलाके शामिल हैं।

खराब मौसम के कारण तारीख में बदलाव

बता दें कि कई राजनीतिक दलों और नेताओं ने निर्वाचन आयोग को पत्र लिखकर खराब मौसम के आधार पर अनंतनाग-राजौरी लोकसभा सीट पर चुनाव स्थगित करने की मांग की थी। भाजपा की जम्मू-कश्मीर इकाई के प्रमुख रवींदर रैना, ‘अपनी पार्टी’ के अध्यक्ष अल्ताफ बुखारी, पीपुल्स कॉन्फ्रेंस नेता इमरान अंसारी और अन्य ने इस संबंध में आयोग को अपना अभ्यावेदन सौंपा था।

कुछ दलों ने किया था विरोध

जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्रियों उमर अब्दुल्ला (नेशनल कॉन्फ्रेंस) और महबूबा मुफ्ती (पीडीपी) ने पिछले सप्ताह आयोग से चुनाव स्थगित नहीं करने का आग्रह किया था। इस निर्वाचन क्षेत्र में 21 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करने के लिए सात मई को तीसरे चरण में मतदान प्रस्तावित था।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article