इलेक्शन

Maharashtra: महायुति के बीच आखिर हो ही गया समझौता, अणुशक्ति नगर से शिंदे गुट के उम्मीदवार ने वापस लिया नामांकन

Maharashtra Chunav: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में एक ही गठबंधन में शामिल दलों के बीच काफी मनमुटाव देखने को मिला है। इसी कड़ी में अणुशक्ति नगर सीट को लेकर सत्ताधारी गठबंधन महायुति के बीच बात बन गई है। शिंदे गुट के उम्मीदवार ने इस सीट से अपना नामांकन वापस ले लिया है।

Image

एकनाथ शिंदे गुट के उम्मीदवार ने वापस लिया नामांकन।

Anushakti Nagar Assembly Seat: एकनाथ शिंदे की शिवसेना और अजित पवार की राकांपा के बीच अणुशक्ति नगर विधानसभा सीट को लेकर छिड़ा घमासान अब थम चुका है। महायुति गठबंधन के लिए खुशखबरी सामने आई है। जहां शिंदे गुट के उम्मीदवार ने अपने हथियार डाल दिए हैं। नामांकन वापस लेने के आखिरी दिन अविनाश राणे ने महायुति की एकता बरकरार रखने के लिए अपना नामांकन वापस ले लिया।

नवाब मलिक की बेटी सना मलिक का रास्ता हुआ साफ

मुंबई के अणुशक्ति नगर विधान सभा सीट पर शिंदे गुट ने अपने उम्मीदवार अविनाश राणे का नामांकन वापस ले लिया है। इस सीट से नवाब मलिक की बेटी सना मलिक लड़ रही है। महायुति ने तह किया है कि एलायंस से एक ही उम्मीदवार ही अणुशक्ति नगर सीट से होगा।

भाजपा के बागी उम्मीदवार गोपाल शेट्टी ने वापस लिया नामांकन

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव की तारीख नजदीक आते ही राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। महाविकास अघाड़ी (एमवीए) और महायुति दोनों ही सत्ता में आने और बने रहने के लिए अपने-अपने प्रयासों में जुटी हुई हैं। इस बीच, बागी उम्मीदवारों की गतिविधियों ने दोनों गठबंधनों की चिंताओं को और बढ़ा दिया है। राजनीतिक हलकों में बागी उम्मीदवारों की चर्चा जोरों पर है। ये उम्मीदवार न केवल अपने-अपने दलों के लिए चुनौतियां पेश कर रहे हैं, बल्कि सभी प्रमुख गठबंधनों की चुनावी रणनीतियों को भी प्रभावित कर रहे हैं। ऐसे में, भाजपा के लिए सोमवार को एक राहत भरी खबर सामने आई है।

बोरिवली विधानसभा सीट से नामांकन वापस लेने की घोषणा

भाजपा के पूर्व सांसद गोपाल शेट्टी ने बोरिवली विधानसभा क्षेत्र से अपने नामांकन को वापस लेने की घोषणा की है। उन्होंने भाजपा के आधिकारिक उम्मीदवार संजय उपाध्याय के खिलाफ नामांकन दाखिल किया था। पूर्व सांसद शेट्टी का यह निर्णय भाजपा के लिए एक महत्वपूर्ण मोड़ साबित हो सकता है, क्योंकि इससे पार्टी की स्थिति मजबूत होगी और चुनावी मैदान में उनकी रणनीति को मजबूती मिलेगी। शेट्टी का नामांकन वापस लेना भाजपा के लिए एक सकारात्मक संकेत है, जो पार्टी को अपने आधिकारिक उम्मीदवार के लिए एकजुट होने का अवसर प्रदान करेगा।

इससे पहले, पुणे में कस्बा विधानसभा क्षेत्र से बागी कांग्रेस नेता मुख्तार शेख ने भी अपना नामांकन वापस लेने का फैसला लिया है। उन्होंने महाविकास अघाड़ी (एमवीए) के आधिकारिक उम्मीदवार रवींद्र धांगेकर का समर्थन करने का फैसला लिया है। मुख्तार शेख के इस कदम से महाविकास अघाड़ी को मजबूत समर्थन मिला है, शेख के समर्थक भी अब एमवीए के साथ रहेंगे।

उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र में नई सरकार के गठन के लिए 288 विधानसभा सीटों पर 20 नवंबर को वोट डाले जाएंगे जबकि मतगणना 23 नवंबर को होगी। चुनाव आयोग के अनुसार, महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के लिए एक लाख से अधिक मतदान केंद्र बनाए जाएंगे। मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने पूर्व में कहा था कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में 9.63 करोड़ मतदाता मतदान करेंगे, जिनमें 4.97 करोड़ पुरुष वोटर हैं, जबकि 4.66 करोड़ महिला मतदाता शामिल हैं। इसके अलावा 1.85 करोड़ युवा वोटरों की उम्र 20 से 29 साल के बीच है। वहीं, 20.93 लाख वोटर पहली बार मतदान में हिस्सा लेंगे। 12.43 लाख वोटरों की उम्र 85 साल से अधिक है। इसके साथ ही ट्रांसजेंडर मतदाताओं की संख्या 6,031 है।

Ayush Sinha
आयुष सिन्हाauthor

मैं टाइम्स नाउ नवभारत (Timesnowhindi.com) से जुड़ा हुआ हूं। कलम और कागज से लगाव तो बचपन से ही था, जो धीरे-धीरे आदत और जरूरत बन गई। मुख्य धारा की पत्रकारिता से जुड़े हुए 10 साल पूरे हो चुके हैं। लोकसभा चुनाव 2014 से पहले ही मैंने पत्रकारिता की पढ़ाई के बीच में ही देश की राजधानी दिल्ली आने की ठान ली थी। उससे पहले मैंने कभी ये सोचा तक नहीं था कि मैं बनारस बोले तो वाराणसी शहर से बाहर भी जा सकता हूं। जी हां, मेरा नाता काशी से है। जन्म के साथ-साथ शिक्षा दीक्षा भी बनारस में ही हुई। राष्ट्रपिता मोहनदास करमचंद गांधी (बापू) द्वारा स्थापित किए गए विश्वविद्यालय- 'महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ' से मैंने पत्रकारिता में स्नातक किया है। ग्रेजुएशन के दौरान ही विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यापकों ने बड़ी ही सख्ती से मेरी नक्काशी करने की कोशिश की। ग्रेजुएशन के आखिरी वर्ष आते-आते मैंने दिल्ली की ट्रेन पकड़ी और यहां पहुंच गया। आव देखा न ताव, दिल्ली NCR में बड़े-बड़े मीडिया समूहों के दफ्तरों के बाहर अपना बायोडेटा डाल कर प्रयास में जुट गया। काफी धैर्य के बाद ZEE मीडिया समूह से जुड़ने का मौका मिला। मेरे पत्रकारिता के सफर की शुरुआत टेलीविजन के इनपुट डिपार्टमेंट से हुई। यहां मैं असाइनमेंट डेस्क पर था। कुछ महीनों तक खुद को इस समूह के साथ जोड़े रखने के बाद वर्ष 2015 में मैंने प्रिंट मीडिया का रुख कर लिया और ALL RIGHTS नाम की मैगज़ीन के साथ जुड़ गया। बतौर विशेष संवाददाता (Special Correspondent) मेरे कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई थी। मैं उन दिनों देशभर के अलग-अलग लोकसभा क्षेत्र के सांसदों, केंद्रीय मंत्रियों और दिल्ली सरकार के विधायकों और मंत्रियों का साक्षात्कार करता था। मैगज़ीन के संपादकीय पृष्ठ के लिए मैं लेख भी लिखता था। राजनीतिक खबरों से लगाव होने के चलते मैंने इस बीट को ही अपना हमसाया बना लिया। मैगजीन के बाद फिर टेलीविजन का रुख किया और इसी साल दोबारा ज़ी मीडिया से जुड़ गया। यहां साढ़े 3 सालों तक काम करने के बाद मैंने डिजिटल मीडिया में कदम रखने की ठान ली। रिपब्लिक भारत की लॉन्चिंग से पहले मुझे इसकी वेबसाइट से जुड़ने का मौका मिला। रिपब्लिक से जुड़ने के साथ ही मैंने दिल्ली छोड़कर मुंबई का रुख कर लिया। समंदर किनारे बसे इस शहर में मैंने डिजिटल पत्रकारिता के गुर को सीखा। इस संस्थान में मुझे रिपोर्टर के तौर पर मौका दिया था। कुछ ही महीने बाद मैं वापस दिल्ली आ गया और मैंने न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया में एसोसिएट प्रोड्यूसर और रिपोर्टर की भूमिका में काम किया। चंद महीने बाद ही ज़ी मीडिया समूह के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काम करने का अवसर मिला। ज़ी हिन्दुस्तान के लिए मैंने स्पेशल खबरों पर काम किया और इस समूह का पहला डिजिटल रिपोर्टर बन गया। इसके बाद मुझे वीडियो सेक्शन का हेड बना दिया गया। मैंने चुनावी कवरेज की, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और साथ ही साथ वीडियो सेक्शन को नए शिखर पर पहुंचाने की कोशिश की। मैं कविताएं और किस्से-कहानियां भी लिखता रहता हूं। पढ़ाई के दौरान ही मैंने दो किताबें भी लिखी, एक नॉवेल और दूसरी पोएट्री बुक। पत्रकारिता में रहते हुए मैंने कई "स्टिंग ऑपरेशन" भी किए। मेरे सफर को और भी खूबसूरत बनाने के लिए टाइम्स समूह ने मुझे मौका दिया। मैं जुलाई, 2023 में इस संस्थान से जुड़ा और मुझे मेन डेस्क पर खबरों से दो-चार होते रहने की जिम्मेदारी सौंपी गई। राजनीतिक विश्लेषण के साथ विस्तार से खबरों को परोसता हूं और अपने पाठकों को कुछ नया देने का प्रयास करता हूं।

और पढ़ें
End of Article