इलेक्शन

बिहार चुनाव: NDA में सीट बंटवारे पर उलझन! चिराग बोले- अच्छी चल रही चर्चा, सही समय पर होगा सही फैसला

सीट बंटवारे पर लोजपा अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने आज कहा, मैं एक बात स्पष्ट रूप से कहना चाहता हूं कि चर्चा अच्छी चल रही है और मुझे विश्वास है कि सही समय पर सही फैसला लिया जाएगा।

Image

चिराग पासवान (File Photo: PTI)

Chirag Paswan- बिहार चुनाव तारीखों का ऐलान होने के साथ ही राज्य में गठबंधनों के बीच सीट बंटवारे का पेंच खुलकर सामने आ गया है। खास तौर पर एनडीए में सीट बंटवारे को लेकर मंथन शुरू हो गया है। लोजपा अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने सीट बंटवारे पर सख्त मोलभाव करते नजर आ रहे हैं। इसे लेकर उनकी बीजेपी के शीर्ष नेताओं से लगातार बातचीत जारी है। चिराग पासवान ने आज कहा कि इसे लेकर चर्चा जारी है और जल्द नतीजा निकलेगा।

चिराग बोले, चर्चा अच्छी चल रही है

सीट बंटवारे पर लोजपा अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने आज कहा, मैं एक बात स्पष्ट रूप से कहना चाहता हूं कि चर्चा अच्छी चल रही है और मुझे विश्वास है कि सही समय पर सही फैसला लिया जाएगा। जैसे ही चर्चा पूरी हो जाएगी, इसे आपके साथ साझा किया जाएगा। मैं सिर्फ एक चीज की मांग करता हूं, वह है बिहार को पहले और बिहारियों को पहले रखना। चिराग की मांग न तो किसी पद को लेकर है, न किसी के प्रति गुस्से को लेकर है, न ही किसी की सीटों को लेकर है।

इंडिया ब्लॉक और एनडीए दोनों गठबंधनों में फंसा पेंच

बताया जा रहा है कि इंडिया ब्लॉक और एनडीए दोनों गठबंधनों में सीट बंटवारे को लेकर पेंच फंसा हुआ है। गठबंधन में शामिल छोटे दल ज्यादा सीटों की मांग कर रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि एनडीए में शामिल चिराग पासवान भी ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ना चाहते हैं जिसकी वजह से सीट बंटवारे का मामला अटका पड़ा है। चिराग पहले ही साफ कर चुके हैं कि उनकी पार्टी सम्मान से समझौता नहीं करेगी। उनका इशारा साफ तौर पर इस ओर है कि एलजेपी (रामविलास) कम सीटों पर चुनाव नहीं लड़ेगी। बताया जा रहा है कि वह कम से कम 40 सीटें चाहते हैं। इसी को लेकर एनडीए में पेंच फंसा हुआ है और सीट बंटवारे को अंतिम रूप देने में देरी हो रही है।

बिहार में दो चरणों में चुनाव

बता दें कि बिहार में मुख्य मुकाबला एनडीए और इंडिया ब्लॉक के बीच है। राज्य में विधानसभा की 243 सीटों के लिए दो चरणों में 7 और 11 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। पहले चरण में 121 सीटों और दूसरे चरण में 122 सीटों पर मतदान होगा। जबकि चुनाव नतीजे 14 नवंबर को घोषित होंगे। हर बार की तरह इस बार भी बड़े-बड़े दिग्गज चुनाव लड़ते नजर आएंगे।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article