Kejriwal Attacks BJP And CEC: दिल्ली में चुनाव प्रचार के आखिरी दिन आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल भारतीय जनता पार्टी पर जमकर बरसे। इसके साथ ही उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त को भी निशाने पर लिया। प्रचार के आखिर दिन केजरीवाल ने सवाल किया, कौन है वह सबसे बड़ा गुंडा, जिसे देश के कानून का डर नहीं? दिल्ली पुलिस को कौन लाचार बना रहा है? सीईसी राजीव कुमार से अनुरोध है कि वह सेवानिवृत्ति के बाद नौकरी पाने के लिए लोकतंत्र और देश के भविष्य को खतरे में नहीं डालें।
मुख्य चुनाव आयुक्त पर निशाना
अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को भाजपा पर गुंडागर्दी करने और आप कार्यकर्ताओं को निशाना बनाने का आरोप लगाया और दावा किया कि दिल्ली पुलिस डरी हुई है और स्थिति से निपटने में असहाय है। दिल्ली में 5 फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार के आखिरी दिन एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) राजीव कुमार पर भी निशाना साधा और उन पर निजी लाभ के लिए लोकतंत्र से समझौता करने का आरोप लगाया।
कौन है वो सबसे बड़ा गुंडा?
केजरीवाल ने पूछा, कौन है वो सबसे बड़ा गुंडा जो इस देश के कानून से नहीं डरता? यह कौन गुंडा है जो पत्रकारों को गिरफ्तार कर रहा है और AAP कार्यकर्ताओं और समर्थकों पर खुलेआम हमला कर रहा है? वह कौन गुंडा है जिससे दिल्ली पुलिस आदेश ले रही है, और डर रही है और असहाय महसूस कर रही है। आप के शासन की तुलना भाजपा से करते हुए दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, एक तरफ, एक पार्टी आम आदमी के लिए प्रति माह 25,000 रुपये बचा रही है, और दूसरी तरफ गुंडागर्दी में लिप्त एक पार्टी है। सीईसी राजीव कुमार का जिक्र करते हुए केजरीवाल ने कहा, मैं उनसे अनुरोध करता हूं कि सेवानिवृत्ति के बाद की नौकरी के लिए लोकतंत्र को खतरे में न डालें। देश के भविष्य को दांव पर न लगाएं।
8 फरवरी को आएंगे नतीजे
बता दें कि भाजपा का लक्ष्य राजधानी में आप के शासन को खत्म करना है और कांग्रेस की वापसी पर नजर है, दिल्ली 5 फरवरी को एक हाई प्रोफाइल चुनावी लड़ाई के लिए तैयार है। 8 फरवरी को नतीजे तय करेंगे कि आप सत्ता बरकरार रखेगी, बीजेपी फिर से उभरेगी या कांग्रेस चौंकाएगी।
