इलेक्शन

कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने वोटिंग डेटा लेकर EC की विश्वसनीयता पर खड़े किए सवाल, इंडिया गठबंधन के दलों को लिखा पत्र

Mallikarjun Kharge: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा है कि मैंने अपने 52 सालों के राजनीतिक जीवन में मैंने कभी भी वोटिंग प्रतिशत के अंतिम प्रकाशित आंकड़ों में इतनी अधिक वृद्धि नहीं देखी है। खड़गे ने कहा, पहले और दूसरे चरण के अंतिम मतदान प्रतिशत जारी करने में अत्यधिक देरी डेटा की गुणवत्ता पर गंभीर संदेह पैदा करती है।

Image

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे

Photo : BCCL

Mallikarjun Kharge: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने इंडिया गठबंधन के घटक दलों को पत्र लिखा है। इस पत्र में उन्होंने चुनाव आयोग की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े करते हुए पहले दो चरणों में मतदान के आंकड़ों और पंजीकृत मतदाताओं के आंकड़े प्रकाशित न किए जाने का मुद्दा उठाया है। खड़गे ने कहा है कि भारतीय चुनाव आयोग (ईसीआई) की विश्वसनीयता अब तक के सबसे निचले स्तर पर है। यह सार्वजनिक डोमेन में है कि कैसे ईसीआई ने इतिहास में शायद पहली बार लोकसभा चुनाव के पहले और दूसरे चरण के अंतिम मतदान प्रतिशत जारी करने में देरी की।

खड़गे ने इस पत्र को सोशल मीडिया प्लेटफार्म 'एक्स' पर भी साझा किया है। उन्होंने कहा, मीडिया रिपोर्टों से यह जानना बेहद निराशाजनक है कि तीसरे चरण के बाद से अंतिम मतदाता सूची भी प्रकाशित नहीं की गई है। उन्होंने कहा, ये सभी घटनाक्रम चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर काली छाया की तरह हैं। यह संस्था भारत और उसके लोगों के सामूहिक प्रयासों से बनी है। उन्होंने कहा, अपने 52 सालों के राजनीतिक जीवन में मैंने कभी भी वोटिंग प्रतिशत के अंतिम प्रकाशित आंकड़ों में इतनी अधिक वृद्धि नहीं देखी है। खड़गे ने कहा, पहले और दूसरे चरण के अंतिम मतदान प्रतिशत जारी करने में अत्यधिक देरी डेटा की गुणवत्ता पर गंभीर संदेह पैदा करती है।

पहले दो चरणों के मतदान डेटा में इतनी देरी क्यों?

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, पहले चरण के मतदान 19 अप्रैल को हुए थे और दूसरे चरण के चुनाव 26 अप्रैल को, लेकिन चुनाव आयोग ने वोटिंग प्रतिशत का आंकड़ा 30 अप्रैल 2024 को जारी किया। जबकि, पहले के मौकें पर चुनाव आयोग की ओर से 24 घंटों के भीतर ही मतदान का डेटा प्रकाशित किया जाता रहा है। उन्होंने कहा, इस बार ऐसा क्या बदला है जो चुनाव आयोग को मतदान प्रतिशत के आंकड़े जारी करने में इतनी देरी हुई?

मतदान प्रतिशत में अचानक से कैसे हुई वृद्धि

मल्लिकार्जुन खड़गे ने सवाल करते हुए कहा कि चुनाव आयोग के अनुसार, पहले चरण में 102 सीटों पर 7 बजे तक अनुमानित मतदान 60% था, जबकि दूसरे चरण में यह 60.96% था। ऐसा क्यों है कि 20.04.2024 को पहले चरण के लिए आयोग का अनुमानित मतदान प्रतिशत 65.5% हो गया और 27.04.2024 को दूसरे चरण के लिए मतदान का आंकड़ा 66.7% हो गया। जबकि, 30 अप्रैल को जो आंकड़े प्रकाशित हुए उसमें पहले चरण के लिए 66.14% और दूसरे चरण के लिए 66.71% आंकड़ों की पुष्टि की गई।

Times Now Navbharat Digital
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article