Tamil Nadu Assembly Election 2026: कांग्रेस ने शुक्रवार को तमिलनाडु के आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर 27 उम्मीदवारों की सूची जारी की।
बकौल सूची, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष के. सेल्वपेरुंथगाई को पार्टी ने श्रीपेरुम्बुदूर निर्वाचन क्षेत्र से मैदान में उतारा है। कांग्रेस ने विधानसभा में पार्टी के विधायक दल के नेता एस. राजेश कुमार को किल्लियूर से टिकट दिया, जबकि पूर्व सांसद ए. चेल्ला कुमार कृष्णागिरी से चुनाव लड़ रहे हैं।
किसे कहां से मिला टिकट?
जारी सूची के अनुसार, पॉन्नेरी (एससी) से दुरई चंद्रशेखर, वेलाचेरी से जेएमएच आस्सन मौलाना, श्रीपेरुम्बुदुर (एससी) से के. सेल्वापेरुन्थगई, शोलिंगुर से ए.एम. मुनिरतिनम, उथंगराई (एससी) से आर. कुप्पू सामी, कृष्णगिरि से डॉ. ए. चेल्ला कुमार, पेन्नागरम से जीकेएम तमिल कुमारन, अत्तूर (एससी) से एस.के. अर्थनारी, ईरोड (ईस्ट) से गोपीनाथ पलनियप्पन, उधगमंडलम से बी. रामचंद्रन, कवुंदम्पालयम से के.पी. सूर्या प्रकाश और सिंगनल्लूर से एम.वी. श्रीनिवास नायडू को उम्मीदवार बनाया गया है।
इसके अलावा, पार्टी ने थुरैयूर (एससी) से एम. विचु लेनीन प्रसाथ, कुड्डालोर से ए.एस. चंद्रशेखरन, मयिलाडुथुरै से जमाल यूनुस मोहम्मद, अरंथांगी से टी. रामा चंद्रिरन, करैकुडी से एस. मंगुडी को टिकट दिया है।
एक सीट पर अभी नहीं उतारा उम्मीदवार
कांग्रेस ने 27 सीटों वाली लिस्ट जारी कर दी है, लेकिन राज्य की 28 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। ऐसे में एक सीट पर अभी उम्मीदवार का ऐलान नहीं किया है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, मेलुर सीट पर अभी फैसला लंबित है। यह सूची जारी होने के साथ ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह है। पार्टी का दावा है कि इन उम्मीदवारों में स्थानीय स्तर पर मजबूत पकड़ वाले नेता शामिल हैं, जो अलायंस की जीत में अहम भूमिका निभाएंगे।
सनद रहे कि 234 सदस्यीय विधानसभा के लिए हो रहे चुनाव में कांग्रेस 28 सीटों पर सत्तारूढ़ डीएमके के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ रही है। राज्य में एक ही चरण में 23 अप्रैल को विधानसभा चुनाव संपन्न होंगे, जबकि चुनाव के नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे।
