इलेक्शन

सैम पित्रोदा के बयान को सीएम योगी ने बताया शर्मनाक, कहा- देश से माफी मांगे कांग्रेस

बता दें कि नस्लीय टिप्पणी को लेकर पूरे देश में विवाद बढ़ने के बाद सैम पित्रोदा ने इंडियन ओवरसीज कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था।

Image

सीएम योगी का सैम पित्रोदा पर निशाना

CM Yogi on Sam Pitroda: इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष रहे सैम पित्रोदा पर उनकी विवादित नस्लीय टिप्पणी को लेकर यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निशाना साधा है। सीएम योगी ने पित्रोदा को निशाने पर लेते हुए कहा कि उत्तर भारत, दक्षिण भारत, पूर्वी भारत और पश्चिमी भारत को रंग और चमड़ी के आधार पर बांटने का प्रयास किया जा रहा है। यह सचमुच कांग्रेस की खतरनाक मंशा को दिखाता है। यह अत्यंत शर्मनाक एवं निंदनीय बयान है, कांग्रेस को इसके लिए देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए।

एएनआई से बात करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर कटाक्ष किया और 1947 के विभाजन के लिए भी पार्टी को जिम्मेदार ठहराया। सीएम योगी ने कहा, सैम पित्रोदा कांग्रेस के 'बुद्धिदाता' हैं और वह पार्टी की फूट डालो और राज करो की नीति को प्रदर्शित कर रहे हैं। कांग्रेस 1947 के विभाजन के लिए जिम्मेदार है, वह विभाजन की भयावहता के लिए जिम्मेदार है। आजादी के बाद भी, इसने देश को जाति, क्षेत्र और भाषा के नाम पर बांटने का पाप किया है। सैम पित्रोदा की टिप्पणी बेहद निंदनीय है। कांग्रेस पार्टी को उन बातों के लिए देश से माफी मांगनी चाहिए जो वह सैम पित्रोदा से कहलवा रही है।

पित्रोदा को देना पड़ा इस्तीफा

बता दें कि नस्लीय टिप्पणी को लेकर पूरे देश में विवाद बढ़ने के बाद सैम पित्रोदा ने इंडियन ओवरसीज कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने एक्स पर अपने पोस्ट में कहा, सैम पित्रोदा ने अपनी मर्जी से इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने का फैसला किया है। कांग्रेस अध्यक्ष ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। पित्रोदा के बयान पर विवाद बढ़ने के बाद कांग्रेस ने उनके बयान से खुद को अलग कर लिया था। कांग्रेस महासचिव और संचार प्रभारी जयराम रमेश ने एक पोस्ट में कहा, 'सैम पित्रोदा द्वारा भारत की विविधताओं को जो उपमाएं दी गई हैं, वह अत्यंत गलत व अस्वीकार्य हैं। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस इन उपमाओं से अपने-आप को पूर्ण रूप से अलग करती है।

सैम पित्रोदा का पॉडकास्ट

सैम पित्रोदा का एक पॉडकास्ट सामने आया था जिसमें उन्होंने कहा था कि वह उस भारत में विश्वास रखते हैं जहां भाषा, धर्म, संस्कृति, रंग-रूप, रिवाज, खान-पान आदि की विविधता के बावजूद लोग 70-75 साल से, कुछ छिटपुट झगड़ों को छोड़कर, खुशनुमा माहौल में एक साथ रह रहे हैं। उन्होंने कहा, हम भारत जैसे विविधता से भरे देश को एक साथ लेकर चल सकें, जहां पूरब के लोग चीनियों जैसे दिखते हैं तो पश्चिम के लोग अरब जैसे, उत्तर के लोग संभवतः गोरों जैसे तो दक्षिण के लोग अफ्रीकियों जैसे, लेकिन इन सबसे कोई फर्क नहीं पड़ता।

पीएम मोदी ने राहुल-पित्रोदा को घेरा

पित्रोदा के बयान पर पीएम मोदी ने उनके साथ राहुल गांधी को भी घेरा था। पीएम मोदी ने तेलंगाना के वारंगल में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि शहजादे के फिलॉसफर और गाइड अंकल ने बड़ा रहस्य खोला है। जिनकी चमड़ी का रंग काला होता है, वो सब अफ्रीका के हैं, मतलब देश के अनेक लोगों को चमड़ी के रंग के आधार पर उन्होंने इतनी बड़ी गाली दे दी।

Times Now Navbharat Digital
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article