बिहार की कानून-व्यवस्था को लेकर राज्य में राजनीतिक पारा चढ़ता जा रहा है। जहां एक ओर विपक्षी महागठबंधन सरकार को लगातार घेर रहा है, वहीं अब एनडीए (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) के भीतर भी असहमति के स्वर सुनाई देने लगे हैं। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने शनिवार को राज्य में बढ़ते अपराधों को लेकर बिहार पुलिस और प्रशासन पर सख्त सवाल खड़े कर दिए।
क्या बोले चिराग पासवान
दरअसल, विपक्षी दलों के महागठबंधन में शामिल राजद और कांग्रेस बिहार की कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार को लगातार कटघरे में खड़ा कर रहे हैं। इस दौरान केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर लिखा, "बिहारी अब और कितनी हत्याओं की भेंट चढ़ेंगे? समझ से परे है कि बिहार पुलिस की जिम्मेदारी क्या है?"
‘गुड़ खाते हैं, गुड़अम्मे से परहेज’
चिराग के इस बयान पर एनडीए के ही एक अन्य घटक दल — हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने जवाबी तंज कसा। उन्होंने लिखा: "अपराध करवाएं राजद वाले, तोहमत लगे सरकार पर, वाह रे गठबंधन धर्म। हमारे यहां एक कहावत है, 'गुड़ खाते हैं, गुड़अम्मे से परहेज', यह ठीक नहीं।" इसके साथ ही मांझी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का बचाव करते हुए कहा कि अब “मुख्यमंत्री आवास में माफियाओं की खातिरदारी नहीं होती, बल्कि उन्हें ठोक दिया जाता है।”
विपक्ष भी कर रहा सवाल
एनडीए के घटक दलों के बीच इस प्रकार की बयानबाजी को लेकर कई तरह के कयास लगाए जाने लगे हैं। राजद के नेता और पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने भी शनिवार को कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए एक्स पर लिखा, "पटना में व्यवसायी विक्रम झा की गोली मारकर हत्या। डीके टैक्स तबादला उद्योग प्रदेश की अराजक स्थिति का मुख्य कारण। अचेत मुख्यमंत्री क्यों हैं मौन? प्रतिदिन हो रही सैंकड़ों हत्याओं का दोषी कौन? भ्रष्ट भूंजा पार्टी जवाब दे।"
